शादी से तलाक तक एक होंगे नियम, हरियाणा सरकार को सौंपी गई UCC की ड्राफ्ट रिपोर्ट
हरियाणा में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की दिशा में सरकार ने कदम तेज कर दिए हैं। राज्य विधि आयोग के अध्यक्ष जस्टिस एच.एस. भल्ला ने प्रस्तावित UCC की ड्राफ्ट रिपोर्ट सरकार को सौंप दी है। इसमें सभी धर्मों के नागरिकों के लिए विवाह, तलाक, भरण-पोषण, उत्तराधिकार और गोद लेने के एक समान नियम बनाने की सिफारिश की गई है।
विवाह पंजीकरण और बहुविवाह पर रोक
ड्राफ्ट में सभी धर्मों में बहुविवाह पर प्रतिबंध और शादी के 60 दिनों के भीतर पंजीकरण अनिवार्य करने का प्रस्ताव है। पुरानी अपंजीकृत शादियों के लिए एक साल का समय देने की बात कही गई है। विवाह के लिए पुरुष की न्यूनतम आयु 21 और महिला की 18 वर्ष निर्धारित करने की सिफारिश है। धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार शादी करने की स्वतंत्रता बरकरार रखने का भी प्रस्ताव है।
लिव-इन रिलेशनशिप का पंजीकरण अनिवार्य
प्रस्तावित मसौदे के अनुसार, लिव-इन में रहने वाले जोड़ों को रजिस्ट्रार के पास पंजीकरण कराना होगा। 21 वर्ष से कम उम्र के पार्टनर के अभिभावकों को इसकी सूचना दी जाएगी। एक महीने से अधिक समय तक बिना पंजीकरण लिव-इन में रहने पर तीन महीने की कैद या 10 हजार रुपये तक जुर्माने का प्रावधान प्रस्तावित है। धोखाधड़ी या दबाव से सहमति लेने पर पांच साल तक की सजा का सुझाव भी दिया गया है।
तलाक और संपत्ति में समान अधिकार
ड्राफ्ट में तलाक के लिए अदालत की प्रक्रिया और सभी धर्मों के लिए समान आधार तय करने का प्रस्ताव है। एकतरफा या मौखिक तलाक को कानूनी मान्यता नहीं देने की बात कही गई है। वहीं, बेटियों को संपत्ति में समान अधिकार और सभी समुदायों के लिए गोद लेने का एक समान कानूनी ढांचा बनाने की सिफारिश की गई है। अनुसूचित जनजातियों को प्रस्तावित कानून के दायरे से बाहर रखने की बात भी कही गई है।
सरकार और विपक्ष के अलग-अलग रुख
कैबिनेट मंत्री अनिल विज और श्रुति चौधरी ने UCC का समर्थन किया है। विज ने कहा कि संविधान की नजर में सभी नागरिक समान हैं और प्रदेश में एक समान कानून होना चाहिए। वहीं, विपक्षी दलों ने ड्राफ्ट सार्वजनिक करने और सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की है। पूर्व मंत्री संपत सिंह ने कहा कि मसौदे को सार्वजनिक कर उस पर चर्चा के बाद ही आगे बढ़ना चाहिए।
अब राज्य सरकार ड्राफ्ट को अंतिम रूप देने से पहले एडवोकेट जनरल और विधि परामर्शी से कानूनी राय लेगी। इसके बाद ही इसे लागू करने की दिशा में अगला कदम उठाया जाएगा।
Facebook टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें
टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।
