अमित शाह चंडीगढ़ में करेंगे पुलिस का सम्मान, 60वें स्थापना दिवस पर खास समारोह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) 1 नवंबर को चंडीगढ़ के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह चंडीगढ़ पुलिस के 60वें स्थापना दिवस यानी रेजिंग-डे समारोह में शामिल होंगे। सेक्टर-17 स्थित तिरंगा पार्क में आयोजित कार्यक्रम में अमित शाह भव्य परेड की सलामी लेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, गृह मंत्री सुबह करीब 7 बजे चंडीगढ़ पहुंचेंगे और लगभग 11:45 बजे यहां से रवाना हो जाएंगे। उनके दौरे को देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए आयोजन स्थल पर मंच तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही साफ-सफाई, बिजली, बैठने की व्यवस्था और लोगों के प्रवेश तथा बाहर निकलने के इंतजाम किए जा रहे हैं। समारोह में फूलों और मंच की सजावट पर करीब 14.60 लाख रुपये खर्च किए जाने की जानकारी दी गई है। वहीं, सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हैं। अधिकारियों के बीच सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और पार्किंग को लेकर तालमेल बनाया जा रहा है।
चंडीगढ़ पुलिस को मिलेगा राष्ट्रपति पुलिस कलर्स सम्मान
इस दौरे का एक प्रमुख कार्यक्रम चंडीगढ़ पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर्स सम्मान प्रदान करना है। यह सम्मान पुलिस बल की सेवाओं और योगदान के लिए दिया जाता है। राष्ट्रपति की मंजूरी से मिलने वाला यह सम्मान चंडीगढ़ पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
तकनीक के सहारे मजबूत हुई पुलिस व्यवस्था
1 नवंबर 1966 को स्थापित चंडीगढ़ पुलिस ने पिछले छह दशकों में अपनी कार्यप्रणाली को आधुनिक बनाने की दिशा में कई कदम उठाए हैं। शहर में निगरानी बढ़ाने के लिए 2,085 CCTV कैमरों का नेटवर्क तैयार किया गया है। पुलिस कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से निगरानी और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, आपातकालीन नंबर 112 पर औसत प्रतिक्रिया समय 4 मिनट 33 सेकंड है। इसके अलावा, शहर के सभी 16 कानून-व्यवस्था वाले पुलिस थानों में ई-बीट एप्लिकेशन का इस्तेमाल किया जा रहा है।
साइबर अपराध और नागरिक सेवाओं पर भी जोर
चंडीगढ़ पुलिस ने साइबर अपराधों की जांच, नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन और पासपोर्ट सत्यापन सेवाओं में सुधार के लिए भी कदम उठाए हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2023-24 में पासपोर्ट सत्यापन की गति के मामले में पुलिस को राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान मिला था। राष्ट्रपति पुलिस कलर्स सम्मान को पुलिस बल की उपलब्धियों के साथ-साथ भविष्य में बेहतर सेवाएं देने की जिम्मेदारी के रूप में भी देखा जा रहा है।
Facebook टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें
टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।
