विश्व जागरण
Top News

हरियाणा के खिलाड़ियों पर होगी 185 करोड़ की धनवर्षा, CM सैनी करेंगे सम्मानित

Bindu Mishra
October 28, 2026
2 min read
हरियाणा के खिलाड़ियों पर होगी 185 करोड़ की धनवर्षा, CM सैनी करेंगे सम्मानित

पंचकूला। हरियाणा सरकार जापान में आयोजित एशियाई और पैरा एशियाई खेलों में देश का मान बढ़ाने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों को 30 अक्टूबर को भिवानी में सम्मानित करेगी।

भीम स्टेडियम में होने वाले राज्यस्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार प्रदान करेंगे। खेल एवं युवा मामले राज्य मंत्री गौरव गौतम ने यह जानकारी दी।

कार्यक्रम में भिवानी-महेंद्रगढ़ के सांसद चौधरी धर्मवीर भी मौजूद रहेंगे। समारोह में खिलाड़ियों की उपलब्धियों का सम्मान करने के साथ युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के लिए कबड्डी और कुश्ती प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।

185 करोड़ रुपये के इनाम वितरित किए जाएंगे

खेल राज्य मंत्री के अनुसार, समारोह में कुल 185 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले 134 खिलाड़ियों को 133 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।

वहीं, पैरा एशियाई खेलों के 37 खिलाड़ियों को 52 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। सरकार की खेल नीति के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार के साथ सरकारी नौकरी के माध्यम से भी प्रोत्साहित किया जाता है।

जापान के आइची-नागोया में आयोजित 20वें एशियाई खेलों में भारत ने कुल 85 पदक जीते थे। इनमें 21 स्वर्ण, 27 रजत और 37 कांस्य पदक शामिल रहे। हरियाणा के खिलाड़ियों ने 14 स्वर्ण, नौ रजत और नौ कांस्य सहित कुल 32 पदक जीतकर देश की सफलता में अहम योगदान दिया।

पैरा एशियाई खेलों में भी हरियाणा के खिलाड़ियों का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। प्रदेश के खिलाड़ियों ने नौ स्वर्ण, नौ रजत और 14 कांस्य सहित कुल 32 पदक हासिल किए। खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रदेश की खेल नीति ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा की पहचान मजबूत की है।

कबड्डी और कुश्ती के मुकाबले भी होंगे आकर्षण

सम्मान समारोह के दौरान हरियाणा और पंजाब की महिला टीमों के बीच हरियाणा शैली की कबड्डी का मुकाबला आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा कुश्ती प्रतियोगिता भी होगी, जिसमें विजेता पहलवानों को प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। गौरव गौतम ने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर खेल सुविधाएं और सुरक्षित भविष्य उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।

सम्बंधित ख़बरें