विश्व जागरण
Top News

यूपी में गठबंधन की गांठ मजबूत करने में जुटी सपा-कांग्रेस, सीटों पर जल्द बन सकती है सहमति

Bindu Mishra
November 23, 2026
3 min read

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने सीट बंटवारे को लेकर बातचीत तेज कर दी है। सोमवार को कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर दोनों दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। इसमें निर्वाचन क्षेत्रों, संभावित उम्मीदवारों और चुनावी रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक के बाद नेताओं ने बातचीत को सकारात्मक बताते हुए दो-तीन दिनों में समझौते की उम्मीद जताई।

सपा सांसद राम गोपाल यादव ने कहा कि बैठक में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे की बात सुनी और जल्द ही गठबंधन को अंतिम रूप देने की कोशिश होगी। कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भी कहा कि दोनों दलों के बीच भरोसा है और सम्मानजनक तरीके से सीटों का समझौता होगा।

दो-चार दिन में साफ होगी सीटों की तस्वीर

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना के मुताबिक, सीटों की संख्या पर अभी फैसला नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि शुरुआती बातचीत विश्वास और सकारात्मक माहौल में हुई है। मंगलवार को फिर बैठक होगी और अगले कुछ दिनों में सभी मुद्दों पर सहमति बनने की उम्मीद है।

बैठक में कांग्रेस की ओर से प्रमोद तिवारी, आराधना मिश्रा, राजेंद्र पाल गौतम और इमरान मसूद शामिल हुए। सपा की तरफ से राम गोपाल यादव, इकरा हसन, राजीव राय और श्याम लाल पाल ने हिस्सा लिया। तिवारी ने कहा कि सीट बंटवारे में उम्मीदवार की जीतने की क्षमता को प्राथमिकता दी जाएगी।

181 सीटों की सूची पर कांग्रेस ने नहीं की पुष्टि

कांग्रेस की ओर से सपा को 181 सीटों की सूची सौंपे जाने की खबरों पर प्रमोद तिवारी ने टिप्पणी नहीं की। उन्होंने कहा कि वह सीट बंटवारे पर बातचीत करने वाली समिति का हिस्सा नहीं हैं। भाजपा के 'राधे राधे कमल खिला दे' नारे पर उन्होंने कटाक्ष करते हुए पार्टी पर धार्मिक प्रतीकों के राजनीतिक इस्तेमाल का आरोप लगाया।

भाजपा नेताओं ने गठबंधन को घेरा

भाजपा नेता गुलाम अली खटाना ने आरोप लगाया कि सपा-कांग्रेस का सीट बंटवारा दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों को वोट बैंक की राजनीति में उलझाने वाला होगा। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी गठबंधन की सफलता पर सवाल उठाए और कहा कि 2027 में भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए बहुमत के साथ सत्ता में लौटेगा।

दोनों दलों के बीच 23 और 24 नवंबर को बैठकें होनी हैं। सपा ने गठबंधन सहयोगियों से बातचीत के लिए राम गोपाल यादव, श्याम लाल पाल, राजीव राय और इकरा चौधरी की समिति गठित की है। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा ने 37 और कांग्रेस ने छह सीटों पर जीत दर्ज की थी। अब दोनों दल इसी गठबंधन को विधानसभा चुनाव में आगे बढ़ाने की तैयारी कर रहे हैं।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।

सम्बंधित ख़बरें