खेल के साथ अब एडवांस ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग का केंद्र बन रहा मेरठ: मुख्यमंत्री योगी

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आजादी के बाद लगभग 70 वर्षों में उत्तर प्रदेश में कुल 14 हजार फैक्ट्रियां ही लग पाई थीं, जबकि डबल इंजन सरकार ने साढ़े नौ वर्षों में प्रतिवर्ष औसतन दो हजार फैक्ट्रियां स्थापित कर इनकी संख्या 35 हजार के पार पहुंचा दी है। उन्होंने कहा कि पहले की तरह धीमी रफ्तार से काम होता तो इन वर्षों में मुश्किल से 1,700 से 1,800 फैक्ट्रियां ही लग पातीं। मुख्यमंत्री बुधवार को अपने सरकारी आवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मेरठ में ₹2,913 करोड़ की औद्योगिक परियोजना के वर्चुअल शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित हो रहे इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर (आईएमएलसी) में अमेरिकी कंपनी बॉल कॉर्पोरेशन एल्युमीनियम बेवरेज कैन बनाने की विश्वस्तरीय फैक्ट्री स्थापित करेगी। मुख्यमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर शिलापट्ट का अनावरण किया।
एंकर यूनिट बनेगी परियोजना, खेल के साथ ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग का केंद्र बन रहा मेरठ
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना मेरठ के लिए एंकर यूनिट के रूप में कार्य करेगी। इससे हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे तथा स्थानीय एमएसएमई, पैकेजिंग, लॉजिस्टिक्स, ट्रांसपोर्ट और रीसाइक्लिंग क्षेत्र के लिए व्यापार के नए द्वार खुलेंगे। मेरठ ओडीओपी के तहत खेल के सामान के लिए विश्व प्रसिद्ध है और यहां मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का निर्माण हो चुका है। अब यह शहर खेल और पारंपरिक उद्योगों के साथ एडवांस ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग का भी प्रमुख केंद्र बन रहा है।
सिंगापुर, जापान और ताइवान ने किया निवेश
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि कुछ दिन पहले सीएनएच इंडस्ट्रियल के 1,200 करोड़ रुपये के निवेश का भूमि पूजन हुआ और दो दिन पहले ताइवान की क्रिएटिव सेंसर के साथ 1,100 करोड़ रुपये के निवेश की दिशा में कदम बढ़ाया गया। नमो भारत रैपिड रेल, 12 लेन दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर तथा जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की निकटता मेरठ को विश्वस्तरीय मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी प्रदान करती है। यीडा क्षेत्र में सिंगापुर, जापान और ताइवान सिटी जैसी पहल के माध्यम से वैश्विक कंपनियों को आमंत्रित किया जा रहा है। भारत में सॉफ्ट ड्रिंक्स, जूस और एनर्जी ड्रिंक्स के बढ़ते बाजार का लाभ भी कंपनी को मिलेगा।
बीमारू राज्य से उबरकर शीर्ष-3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ यूपी
मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी बीमारू राज्य कहा जाने वाला उत्तर प्रदेश आज बॉटम-5 से निकलकर देश की शीर्ष-3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। पिछले नौ वर्षों में प्रदेश का बजट, जीएसडीपी, प्रति व्यक्ति आय और महिला कार्यबल की भागीदारी लगभग तीन गुना बढ़ी है। आज यूपी देश का अग्रणी रेवेन्यू सरप्लस राज्य है और दो लाख करोड़ रुपये से अधिक के वार्षिक पूंजीगत व्यय के साथ देश में सर्वाधिक कैपेक्स करने वाला राज्य बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि पॉलिसी पैरालिसिस समाप्त कर मजबूत कानून-व्यवस्था और उद्योगों के अनुकूल वातावरण तैयार करने का परिणाम है कि आज देश के 55 फीसदी मोबाइल और 60 फीसदी इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट यूपी में बन रहे हैं। डेटा सेंटर, इलेक्ट्रिक व्हीकल और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्र प्रदेश की औद्योगिक शक्ति को नई ऊंचाई दे रहे हैं।
15 लाख करोड़ का निवेश धरातल पर उतरा, डिरेगुलेशन 1.0 में यूपी को पहला स्थान
मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें से 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की ग्राउंड ब्रेकिंग हो चुकी है और उत्पादन भी शुरू हो गया है। आगामी इन्वेस्टर समिट में लगभग साढ़े सात लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं की ग्राउंड ब्रेकिंग होगी। आज एक करोड़ एमएसएमई इकाइयां और 25 हजार से अधिक स्टार्टअप प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं।
उन्होंने बताया कि 75 हजार एकड़ का इंडस्ट्रियल लैंड बैंक, 27 आईएमएलसी, एफडीआई और फॉर्च्यून-500 नीति सहित 36 सेक्टोरल पॉलिसी तथा निवेश मित्र सिंगल विंडो व्यवस्था से उद्यमियों को सुविधाएं मिल रही हैं। इसी प्रतिबद्धता के चलते डिरेगुलेशन 1.0 में यूपी को देश में पहला स्थान मिला है। उद्योगों की मांग के अनुरूप कार्यबल तैयार करने के लिए लाखों आईटीआई और डिप्लोमा धारकों के साथ दो लाख से अधिक एसटीईएम ग्रेजुएट्स को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
सैमसंग, एलजी, माइक्रोसॉफ्ट जैसी कंपनियां यूपी में कर रही हैं निवेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि सैमसंग, एलजी, डिक्सन, एचसीएल, फॉक्सकॉन, माइक्रोसॉफ्ट, आईबीएम, पेप्सिको और बॉल कॉर्पोरेशन जैसी वैश्विक कंपनियां 'मेक इन यूपी, मेक फॉर द वर्ल्ड' के संकल्प को साकार कर रही हैं। इन कंपनियों की भागीदारी से वर्ष 2030 तक प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को गति मिलेगी।
कार्यक्रम में रहे मौजूद
मेरठ में आयोजित समारोह में औद्योगिक विकास राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी, मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर, सांसद अरुण गोविल, राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, सांसद राजकुमार सांगवान, विधायक गुलाम मोहम्मद और अमित अग्रवाल, विधान परिषद सदस्यगण तथा बॉल बेवरेज पैकेजिंग के प्रेसिडेंट और वाइस प्रेसिडेंट उपस्थित रहे। वहीं अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त आलोक कुमार, प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग एवं यूपीडा के सीईओ अजय चौहान और इन्वेस्ट यूपी के सीईओ विजय किरण आनंद सहित वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम से जुड़े रहे।
Facebook टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें
टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।
