गौमाता को मिले राष्ट्र माता का दर्जा, लखनऊ में सपा का बड़ा महासम्मेलन

गौमाता को मिले राष्ट्र माता का दर्जा, लखनऊ में सपा का बड़ा महासम्मेलन

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर गाय को ‘राष्ट्र माता’ (Rashtra Mata) घोषित करने की मांग जोर पकड़ती नजर आ रही है। इस मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) की नेता और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी पूजा शुक्ला के नेतृत्व में लखनऊ के आशियाना स्थित कांशीराम स्थल पर एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।

सपा नेताओं का कहना है कि यह केवल एक सांकेतिक आयोजन नहीं है, बल्कि इसके जरिए इस मांग को लेकर व्यापक जनसमर्थन जुटाने और भविष्य में बड़े पैमाने पर अभियान चलाने की रणनीति बनाई जाएगी।

पूजा शुक्ला इस मुद्दे को काफी समय से उठाती रही हैं और लखनऊ की उत्तरी विधानसभा के बाद अब पार्टी इस अभियान का विस्तार सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में करने जा रही है।

आयोजन से पहले सपा ने राज्य सरकार और प्रशासन पर कार्यक्रम में अड़चनें डालने का आरोप लगाया है। साथ ही पार्टी का दावा है कि सरकार गौशालाओं की स्थिति सुधारने और गौ-संरक्षण पर ठोस कदम उठाने के बजाय केवल राजनीतिक बयानबाजी कर रही है।
समय-समय पर विभिन्न संगठनों द्वारा उठती रही इस मांग को अब सपा द्वारा प्रमुखता से उठाने के बाद प्रदेश के राजनीतिक हलकों में नई बहस छिड़ने के आसार बन गए हैं।