UP में 2027 की छुट्टियों का कैलेंडर जारी, होली और दिवाली पर लगातार मिलेंगे अवकाश
उत्तर प्रदेश सरकार ने वर्ष 2027 के लिए सार्वजनिक और निर्बन्धित अवकाशों की सूची जारी कर दी है। नए अवकाश कैलेंडर में होली और दीपावली के त्योहारों पर छुट्टियों का खास ध्यान रखा गया है। होली के अवसर पर लगातार तीन दिन अवकाश रहेगा, जबकि दीपावली के दौरान भी त्योहारों के चलते कई दिन छुट्टी मिलेगी। हालांकि, कुछ प्रमुख पर्व और राष्ट्रीय महत्व के दिन रविवार को पड़ने के कारण कर्मचारियों को उनका अतिरिक्त लाभ नहीं मिल सकेगा।
होली पर 22 से 24 मार्च तक छुट्टियों का मौका
शासन की ओर से जारी सूची के अनुसार, वर्ष 2027 में होली का मुख्य सार्वजनिक अवकाश 23 मार्च, मंगलवार को रहेगा। इससे एक दिन पहले 22 मार्च, सोमवार को होलिका दहन का अवकाश घोषित किया गया है। वहीं, 24 मार्च, बुधवार को होली का निर्बन्धित अवकाश रखा गया है। इस तरह होली के अवसर पर लगातार तीन दिन छुट्टियों का मौका मिलेगा।
दिवाली पर 28 से 31 अक्टूबर तक त्योहारों की छुट्टियां
दीपावली का मुख्य सार्वजनिक अवकाश 29 अक्टूबर, शुक्रवार को घोषित किया गया है। इससे पहले 28 अक्टूबर, गुरुवार को नरक चतुर्दशी का निर्बन्धित अवकाश रहेगा। इसके बाद 30 अक्टूबर, शनिवार को गोवर्धन पूजा और 31 अक्टूबर, रविवार को भैयादूज एवं चित्रगुप्त जयंती का अवकाश रहेगा। इस तरह दिवाली के आसपास लगातार चार दिनों तक त्योहारों का सिलसिला रहेगा।
रविवार को पड़ रहे हैं कई प्रमुख अवकाश
वर्ष 2027 में कुछ महत्वपूर्ण पर्व और राष्ट्रीय दिवस रविवार को पड़ रहे हैं। इनमें 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस, 31 अक्टूबर को भैयादूज और सरदार पटेल जयंती तथा 14 नवंबर को गुरु नानक जयंती और कार्तिक पूर्णिमा शामिल हैं। रविवार होने के कारण इन अवसरों पर अलग से अतिरिक्त छुट्टी का लाभ नहीं मिल सकेगा।
पहले से बना सकेंगे छुट्टियों का प्लान
सरकार की ओर से अवकाश सूची जारी होने के बाद सरकारी कर्मचारियों और अन्य लोगों को अगले साल की छुट्टियों की योजना बनाने में आसानी होगी। खासकर होली और दीपावली के आसपास लगातार पड़ रहे अवकाशों से लोग अपने पारिवारिक कार्यक्रम और यात्रा की तैयारी पहले से कर सकेंगे।
Facebook टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें
टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।
