जज के स्वागत की थी तैयारी, पुलिस ने ओवैसी को ही दे दिया गार्ड ऑफ ऑनर

सहारनपुर में शनिवार को पुलिस से ऐसी चूक हुई, जिसकी चर्चा अब हर तरफ हो रही है। सुप्रीम कोर्ट के एक जज के स्वागत के लिए तैनात पुलिसकर्मियों ने गलती से AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को ही गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया। ओवैसी सर्किट हाउस पहुंचे तो जवानों ने उन्हें सलामी दी। इस दौरान वह भी खड़े होकर सलामी लेते नजर आए।
बताया जा रहा है कि सर्किट हाउस में सुप्रीम कोर्ट के एक जज के आने की सूचना थी। उनके सम्मान में गार्ड ऑफ ऑनर की व्यवस्था की गई थी। इसी बीच सुबह करीब 11 बजे आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर वहां पहुंचे। लगभग 20 मिनट बाद ओवैसी भी अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ सर्किट हाउस पहुंचे।
पुलिसकर्मी ओवैसी को ही वह व्यक्ति समझ बैठे, जिनके लिए गार्ड ऑफ ऑनर की तैयारी की गई थी। इसके बाद जवानों ने उन्हें सलामी दे दी। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द, डीएम से मिले दोनों नेता
सर्किट हाउस में ओवैसी और चंद्रशेखर की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस होनी थी, लेकिन ऐन मौके पर इसे रद्द कर दिया गया। इसके बाद दोनों नेता कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी से मुलाकात की।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि पुलिसकर्मियों को अपनी गलती का अहसास कब हुआ। इस मामले में पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान या कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।
Facebook टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें
टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।
