विश्व जागरण
Top News

रामायण पर जावेद अख्तर की टिप्पणी से गरमाई बहस, मौलाना ने दी नाम बदलने की सलाह

Bindu Mishra
November 18, 2026
3 min read
रामायण पर जावेद अख्तर की टिप्पणी से गरमाई बहस, मौलाना ने दी नाम बदलने की सलाह

गीतकार और लेखक जावेद अख्तर का भगवान राम को लेकर दिया गया बयान चर्चा में आ गया है। मंगलवार को मुंबई में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि राम केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार, नैतिकता और जीवन जीने का तरीका हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हिंदुस्तान के हर व्यक्ति के खून में राम हैं, चाहे उसका धर्म कोई भी हो। जावेद अख्तर के इस बयान पर ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी ने आपत्ति जताई और उन्हें घर वापसी करने की सलाह दे दी।

जावेद अख्तर बोले- राम एक विचार और जीवन जीने का तरीका

मुंबई में आयोजित कार्यक्रम में जावेद अख्तर से फिल्म ‘रामायण’ और भगवान राम से जुड़े सवाल पूछे गए। इस दौरान उन्होंने कहा कि राम को सिर्फ एक व्यक्ति के रूप में नहीं देखना चाहिए। उनके मुताबिक, राम एक विचार, नैतिकता और जीवन जीने का तरीका हैं।

उन्होंने कहा, "राम जो हैं, बहुत से लोग शायद मेरी बात सुनकर नाराज भी होंगे, हिंदुस्तान के हर आदमी के खून में हैं। उसका कोई भी मजहब हो, उसके खून में राम हैं।" जावेद अख्तर ने कहा कि राम का व्यक्तित्व किसी एक धार्मिक पहचान तक सीमित नहीं है, बल्कि उससे कहीं बड़ा है।

मौलाना साजिद रशीदी ने बताया बिजनेसमैन

जावेद अख्तर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी ने उन पर निशाना साधा। उन्होंने जावेद अख्तर को बिजनेसमैन बताते हुए कहा कि बॉलीवुड में उनके गाने बिकते हैं और इस तरह के बयान देने से उन्हें फायदा हो सकता है।

रशीदी ने यह भी कहा कि जावेद अख्तर पहले कई बार खुद को नास्तिक बता चुके हैं। उन्होंने मुफ्ती शमाइल नदवी के साथ उनकी बहस का जिक्र करते हुए दावा किया कि उस दौरान भी जावेद अख्तर ने ईश्वर के अस्तित्व को नहीं मानने की बात कही थी।

‘नाम जावेद अख्तर की जगह रामपाल कर लो’

मौलाना साजिद रशीदी ने जावेद अख्तर को घर वापसी करने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि अगर जावेद अख्तर राम में इतनी आस्था दिखा रहे हैं तो उन्हें अपना नाम बदलकर रामपाल कर लेना चाहिए। रशीदी ने टिप्पणी की कि ऐसा करने से हिंदू समाज के लोग उन्हें पूरा सम्मान देंगे।

उन्होंने जावेद अख्तर पर अलग-अलग मौकों पर अलग-अलग तरह की बातें करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें अपनी पहचान को लेकर स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए। रशीदी के इस बयान के बाद विवाद और चर्चा तेज हो गई है।

बेटी जोया अख्तर ने देखी है ‘रामायण’

कार्यक्रम के दौरान जावेद अख्तर ने फिल्म ‘रामायण’ को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि उन्होंने अभी तक फिल्म नहीं देखी है, लेकिन उनकी बेटी और फिल्म निर्देशक जोया अख्तर इसे देख चुकी हैं। जावेद अख्तर के मुताबिक, जोया ने फिल्म की काफी तारीफ की है। उन्होंने कहा कि जोया बड़ी मुश्किल से किसी की तारीफ करती हैं और उन्होंने अपनी तारीफ भी उनसे कभी नहीं सुनी। जावेद अख्तर ने कहा कि वह भी जल्द यह फिल्म देखेंगे।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।

सम्बंधित ख़बरें