विश्व जागरण
Top News

गोपाष्टमी 17 नवंबर को, जानें पूजा का महत्व

Bindu Mishra
November 16, 2026
3 min read
गोपाष्टमी 17 नवंबर को, जानें पूजा का महत्व

हिंदू धर्म में गोपाष्टमी का पर्व गौ माता और भगवान श्रीकृष्ण के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने का विशेष अवसर है। गाय को धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं में पूजनीय स्थान दिया गया है। मान्यता है कि गोपाष्टमी के दिन गौ माता की पूजा और सेवा करने से परिवार में सुख-समृद्धि आती है। साल 2026 में यह पर्व 17 नवंबर, मंगलवार को मनाया जाएगा।

17 नवंबर को मनाई जाएगी गोपाष्टमी

हिंदू पंचांग के अनुसार, गोपाष्टमी कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को मनाई जाती है। साल 2026 में अष्टमी तिथि 17 नवंबर को सुबह 4 बजकर 20 मिनट से शुरू होकर 18 नवंबर को सुबह 6 बजकर 6 मिनट तक रहेगी। उदयातिथि के अनुसार पर्व 17 नवंबर को मनाया जाएगा।

पहली बार गाय चराने गए थे भगवान कृष्ण

गोपाष्टमी मनाने के पीछे भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी एक प्रचलित पौराणिक कथा है। मान्यता है कि बचपन में श्रीकृष्ण को केवल बछड़ों को चराने की अनुमति थी। बाद में जब वह बड़े हुए, तो इसी दिन उन्होंने बलराम जी के साथ पहली बार गायों को चराने की जिम्मेदारी संभाली।

भगवान कृष्ण की इस लीला को गौ-चारण लीला के नाम से जाना जाता है। गायों के प्रति उनके प्रेम और लगाव के कारण ही उन्हें गोपाल और गोविंदा कहा जाता है। इसी प्रसंग की याद में गोपाष्टमी मनाने की परंपरा शुरू हुई।

गोवर्धन पर्वत से भी है धार्मिक संबंध

एक अन्य मान्यता के अनुसार, गोपाष्टमी का संबंध गोवर्धन पर्वत की घटना से भी है। कथा के मुताबिक, जब भगवान कृष्ण ने ब्रजवासियों को गोवर्धन पर्वत की पूजा करने के लिए प्रेरित किया, तो इंद्रदेव ने क्रोधित होकर तेज बारिश शुरू कर दी।

तब भगवान कृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों और गायों को वर्षा से बचाया। मान्यता है कि कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा से अष्टमी तक गोवर्धन पर्वत भगवान कृष्ण की उंगली पर रहा। इस वजह से गोपाष्टमी को गौ संरक्षण और भगवान कृष्ण की लीलाओं से जोड़कर भी देखा जाता है।

33 कोटि देवी-देवताओं का वास होने की मान्यता

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गौ माता के शरीर में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास होता है। इसी विश्वास के चलते गोपाष्टमी पर गायों की विशेष पूजा की जाती है। श्रद्धालु गायों को स्नान कराते हैं और हल्दी, कुमकुम, फूलों की माला से उनका श्रृंगार करते हैं।

इसके बाद गायों को हरा चारा, गुड़ और पकवान खिलाए जाते हैं। कई श्रद्धालु इस दिन गोशालाओं में जाकर गायों की सेवा करते हैं।

गोपाष्टमी पर इन परंपराओं का करें पालन

गोपाष्टमी के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करने के बाद गौ माता और बछड़ों की पूजा की जाती है। उनके माथे पर तिलक लगाया जाता है, आरती उतारी जाती है और परिक्रमा की जाती है। इस दिन गौ सेवा के साथ उनके संरक्षण और देखभाल का संकल्प लेना भी शुभ माना जाता है।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।

सम्बंधित ख़बरें