धामी सरकार की 7 जिलों को ₹22.15 करोड़ की सौगात, 26 विकास कार्यों को मंजूरी

देहरादून। उत्तराखंड में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के सात जनपदों में 26 विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए 22 करोड़ 15 लाख 32 हजार रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति का अनुमोदन प्रदान किया है। स्वीकृत योजनाओं में सड़क एवं नाली निर्माण, सुरक्षात्मक कार्य, तारबाड़, धार्मिक एवं मेला स्थलों का सौंदर्यीकरण, हैंडपंपों की स्थापना और विद्युत व्यवस्था से जुड़े कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री के अनुमोदन से देहरादून, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, चम्पावत, टिहरी गढ़वाल, हरिद्वार और पौड़ी गढ़वाल में विभिन्न विकास योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा। इन कार्यों का उद्देश्य शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को गति देना है।
मसूरी क्षेत्र के लिए ₹8.96 करोड़ की मंजूरी
देहरादून जनपद के मसूरी विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लिए लगभग 8.96 करोड़ रुपये की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है। इसके तहत आरकेडिया के मिठ्ठी बेहड़ी में आंतरिक सड़क, नाली निर्माण एवं सुरक्षात्मक कार्यों के लिए 89.44 लाख रुपये, कैनाल रोड जाखन नगर के वार्ड संख्या 07 के लिए 82.29 लाख रुपये और मालसी के वार्ड संख्या 01 के लिए 60.91 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा गढ़ी कैंट के वार्ड संख्या 06 नागेश्वर में 78.92 लाख रुपये, वार्ड संख्या 07 संजय विहार में 39.97 लाख रुपये, वार्ड संख्या 05 टपकेश्वर में 62.36 लाख रुपये तथा वार्ड संख्या 04 रोजपुर रोड में 84.48 लाख रुपये के कार्यों को मंजूरी दी गई है।
इसी क्रम में वार्ड संख्या 06 दून विहार के लिए 96.75 लाख रुपये, वार्ड संख्या 10 डोभालवाला के लिए 76.62 लाख रुपये, घोरणखास के लिए 79.71 लाख रुपये, वार्ड संख्या 12 किशननगर के लिए 50.08 लाख रुपये और वार्ड संख्या 11 विजय कॉलोनी के लिए 94.65 लाख रुपये की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है। इन सभी क्षेत्रों में सड़क, नाली और सुरक्षात्मक निर्माण कार्य किए जाएंगे।
पिथौरागढ़ में चार विकास कार्यों के लिए ₹3.44 करोड़
पिथौरागढ़ जनपद में चार विकास कार्यों के लिए लगभग 3.44 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसमें डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र की ग्राम सभा लीमा टोडा में सीसी मार्ग निर्माण के लिए 86.45 लाख रुपये, धारचूला के ग्राम गटघोरगाड़ी में नौलिंग मेला स्थल निर्माण के लिए 79.49 लाख रुपये शामिल हैं।
वहीं, पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड विण की ग्राम सभा उपरतोला में आंतरिक मार्ग निर्माण के लिए 84.94 लाख रुपये और डीडीहाट की ग्राम पंचायत खोलीमाली कन्यूरी में खड़ंजा, सीसी मार्ग, पुलिया एवं सुरक्षात्मक कार्यों के लिए 93.64 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
अल्मोड़ा और चम्पावत में धार्मिक स्थलों का होगा सौंदर्यीकरण
अल्मोड़ा जनपद में सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के ताकुला मंडल में सूअर रोधक तारबाड़ के लिए 45.63 लाख रुपये तथा जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में दन्या के पास सिद्धेश्वर मंदिर उधाण के सौंदर्यीकरण के लिए 97.08 लाख रुपये की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है। मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य के लिए 58.248 लाख रुपये की प्रथम किस्त का शासनादेश भी जारी किया गया है।
चम्पावत जनपद में धार्मिक एवं मेला स्थलों के विकास के लिए कई कार्यों को मंजूरी मिली है। ग्राम मटेला के राजस्व ग्राम भगीनाखेत स्थित भौलेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 25 लाख रुपये, ग्राम पंचायत खटोली के भगवती मेला स्थल के लिए 50 लाख रुपये और ग्राम पंचायत बुगाख्याली के भागेश्वर मेला स्थल के लिए 25 लाख रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति संबंधी शासनादेश जारी किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ठांटा में ऐतिहासिक दूधाधारी भगवती मेला स्थल के सौंदर्यीकरण, दर्शक दीर्घा और ध्यान केंद्र निर्माण के लिए 97.10 लाख रुपये की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है।
टिहरी में चौकी महादेव शिवालय का होगा विकास
टिहरी गढ़वाल जनपद के देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में विकासखंड कीर्तिनगर स्थित चौकी महादेव शिवालय के सौंदर्यीकरण के लिए 67.87 लाख रुपये की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है। इससे धार्मिक स्थल पर आवश्यक विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य किए जाएंगे।
हरिद्वार के ग्रामीण क्षेत्रों में लगेंगे 100 नए हैंडपंप
हरिद्वार जनपद में ग्रामीण क्षेत्रों की पेयजल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र में 50 हैंडपंप स्थापित करने हेतु 99.44 लाख रुपये तथा लक्सर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में 50 हैंडपंप लगाने के लिए 1 करोड़ 23 लाख 46 हजार रुपये की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है। इस प्रकार दोनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 100 नए हैंडपंप स्थापित किए जाएंगे।
कोटद्वार में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था के लिए ₹3.44 करोड़
पौड़ी गढ़वाल जनपद के कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में नगर निगम के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था के विस्तार के लिए 3 करोड़ 44 लाख 4 हजार रुपये की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है। इसके तहत विद्युत पोल स्थापना, लाइन निर्माण और लाइन शिफ्टिंग से संबंधित कार्य किए जाएंगे।
अंतिम छोर तक विकास पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सड़क, पेयजल, विद्युत और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। इसके साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और उन्हें निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
Facebook टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें
टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।
