विश्व जागरण
Top News

Dev Deepawali: 10 मिनट के ड्रोन शो में उकेरी गई विभिन्न आकृतियां, 'शिव तांडव' से 'गंगा अवतरण' तक का रूप साकार

Bindu Mishra
November 24, 2026
3 min read
Dev Deepawali: 10 मिनट के ड्रोन शो में उकेरी गई विभिन्न आकृतियां, 'शिव तांडव' से 'गंगा अवतरण' तक का रूप साकार

लखनऊ : कार्तिक पूर्णिमा पर काशी की देव दीपावली इस बार भव्यता के नए शिखर पर नजर आई। गंगा घाटों से लेकर आसमान तक आस्था और अध्यात्म का अद्भुत नजारा दिखा। पहली बार 2,100 स्वदेशी ड्रोन ने रोशनी से जगमगाते आसमान में भगवान भोलेनाथ, शिव तांडव, गंगा अवतरण और काशी विश्वनाथ की भव्य आकृतियां उकेरकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। करीब 10 मिनट तक चले इस हाईटेक शो में रोशनी और ध्वनि के तालमेल से काशी की पौराणिक विरासत जीवंत हो उठी। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने इस आयोजन के जरिये देव दीपावली को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया।

वाराणसी में देव दीपावली के मुख्य अतिथि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह की मौजूदगी में हुए ड्रोन शो ने लाखों दर्शकों को आकर्षित किया। राजघाट से नमो घाट तक दीपों की जगमगाहट के बीच 2,100 मेक इन इंडिया ड्रोन ने आसमान में काशी की आध्यात्मिक विरासत और पौराणिक प्रसंगों को जीवंत किया। करीब 10 मिनट की इस प्रस्तुति में ड्रोन के 15 फॉर्मेशन देखने को मिले। थ्री-डी एनिमेशन तकनीक से तैयार इस शो में रोशनी के बिंदुओं को आपस में जोड़कर अलग-अलग आकृतियां और संरचनाएं बनाई गईं। इसके बाद ड्रोन की दिशा और स्थिति बदलकर अगली आकृति उकेरी गई। हिंदी वॉयस ओवर के माध्यम से दर्शकों को इन दृश्यों का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व भी बताया गया।

ड्रोन शो में जीवंत हुआ काशी का पौराणिक वैभव

देव दीपावली की थीम पर आधारित ड्रोन शो में भगवान शिव, महेश्वर सूत्र, संगीतमय शिव तांडव और मां गंगा के अवतरण के दृश्य आसमान में उभरे। इसके अलावा काशी विश्वनाथ मंदिर, मां विशालाक्षी और बाबा काल भैरव की दिव्य आकृतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। इस अनूठी प्रस्तुति में काशी की समृद्ध आध्यात्मिक विरासत को दर्शाने के साथ उत्तर प्रदेश सरकार और पर्यटन विभाग के लोगो भी प्रदर्शित किए गए।

घाटों पर 'दीपोत्सव', आसमान में ड्रोन शो

चेत सिंह घाट पर रात आठ से 8:10 बजे तक ड्रोन शो का आयोजन हुआ। इसका खास आकर्षण गंगा घाटों पर जगमगाते लाखों दीयों और आसमान में उभरती ड्रोन की आकृतियों का संगम रहा। तट पर दीपों की कतारों के बीच आकाश में रोशनी से साकार होती विशाल आकृतियों ने देव दीपावली की भव्यता में चार चांद लगा दिए।

'योगी सरकार में देव दीपावली को मिला भव्य स्वरूप'

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि 'मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में वाराणसी की देव दीपावली को लगातार भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। पहली बार आयोजित ड्रोन शो में काशी की पौराणिक विरासत और भारतीय तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिला। इसका उद्देश्य पर्यटकों को काशी की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ यहां के धार्मिक स्थलों और सदियों पुरानी परंपराओं के प्रति आकर्षित करना है।'

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।

सम्बंधित ख़बरें