हरिद्वार से चमोली जा रही बस गहरी खाई में गिरी, आठ यात्रियों की मौत

देहरादून। उत्तराखंड के टिहरी जिले में मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 यात्री घायल हो गए। हरिद्वार से चमोली जा रही यात्रियों से भरी बस गूलर बाजार के पास अनियंत्रित होकर गूलर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।
एसडीआरएफ के मुताबिक, दुर्घटना मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे हुई। सूचना मिलने पर ब्यासी स्थित एसडीआरएफ पोस्ट से उपनिरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में टीम घटनास्थल पर पहुंची और तत्काल बचाव अभियान शुरू किया।
दुर्गम रास्ते में चला राहत एवं बचाव अभियान
हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर ढालवाला पोस्ट और वाहिनी मुख्यालय से अतिरिक्त टीमें भी मौके पर भेजी गईं। निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में बचाव दल ने दुर्गम भूभाग और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच अभियान चलाया।
एसडीआरएफ के जवानों ने बस में फंसे यात्रियों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। कुल 26 घायलों को स्ट्रेचर की मदद से दुर्गम रास्ते से सड़क तक पहुंचाया गया। इसके बाद एंबुलेंस से उन्हें अस्पताल भेजा गया। हादसे में जान गंवाने वाले आठ लोगों के शव भी बस से निकालकर सड़क तक पहुंचाए गए और अस्पताल भेजे गए।
आसपास के इलाकों में भी की गई तलाशी
बचाव दलों ने घटनास्थल और आसपास के संभावित क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई अन्य यात्री फंसा न रह गया हो। पुलिस, प्रशासन, अन्य बचाव एजेंसियों और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से राहत एवं बचाव अभियान पूरा किया गया।
घायलों में कई राज्यों के यात्री शामिल
हादसे में घायल हुए लोगों में झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, असम, दिल्ली, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल के यात्री शामिल हैं। घायलों की सूची के अनुसार, सबसे कम उम्र की घायल बच्ची तीन साल की है, जबकि एक 64 वर्षीय महिला भी घायल हुई हैं। एक व्यक्ति गंभीर अवस्था में है, जिसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है।
घायलों की सूची:
मोहम्मद वहाब अंसारी, निवासी दुमका, झारखंड, उम्र 22 वर्ष।
राहुल कुमार, निवासी पटना, बिहार, उम्र 24 वर्ष।
अभिषेक, निवासी जसपुर, ऊधमसिंहनगर, उम्र 28 वर्ष।
प्रत्यूष, निवासी खटीमा, ऊधमसिंहनगर, उम्र 23 वर्ष।
अर्जुन सौरन, निवासी दुमका, झारखंड, उम्र 34 वर्ष।
बुधन मुर्मू, निवासी दुमका, झारखंड, उम्र 50 वर्ष।
आयरा, निवासी गुवाहाटी, असम, उम्र 3 वर्ष।
नूर जहां, निवासी गुवाहाटी, असम, उम्र 26 वर्ष।
राजकुमार, निवासी दुमका, झारखंड, उम्र 32 वर्ष।
जतिन, निवासी शाहदरा, दिल्ली, उम्र 21 वर्ष।
पंकज नेगी, निवासी रुद्रप्रयाग, उम्र 31 वर्ष।
संतोष कुमार, निवासी जहानाबाद, बिहार, उम्र 38 वर्ष।
वीरेंद्र सिंह, निवासी कर्णप्रयाग, चमोली, उम्र 58 वर्ष।
मुन्ना सिंह, निवासी दुमका, झारखंड, उम्र 28 वर्ष।
सागर, निवासी प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश, उम्र 21 वर्ष।
खुशी भट्ट, निवासी पिथौरागढ़, उम्र 19 वर्ष।
एक अज्ञात व्यक्ति, गंभीर अवस्था में। पहचान पत्र नहीं मिला।
परेश मराठी, निवासी दुमका, झारखंड।
आसापंथ, निवासी हल्द्वानी, नैनीताल, उम्र 64 वर्ष।
पंकज कांडपाल, निवासी हल्द्वानी, नैनीताल, उम्र 42 वर्ष।
अंजू, निवासी हल्द्वानी, नैनीताल, उम्र 32 वर्ष।
आर्यन गुप्ता, निवासी सुहागपुर, मध्य प्रदेश।
रमेश चंद, निवासी कोलकाता।
दर्शन सिंह, निवासी हल्द्वानी, नैनीताल।
रामा प्रसाद घोष, निवासी कोलकाता, उम्र 62 वर्ष।
नवीन, निवासी हल्द्वानी, नैनीताल, उम्र 31 वर्ष।
Facebook टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें
टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।
