आजम खां ने गठबंधन पर छोड़ा फैसला ‘बड़ों’ पर, लखनऊ पहुंचकर खोलेंगे सियासी पत्ते?
जेल से रिहाई के बाद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां बुधवार शाम लखनऊ के लिए रवाना हो गए। उनकी लखनऊ में मौजूदगी को यूपी की सियासत और सपा के भीतर नए समीकरणों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। संविधान दिवस पर पार्टी के घोषणा पत्र जारी करने के कार्यक्रम में भी उनकी मौजूदगी की संभावना है।
रामपुर में समर्थकों और पार्टी नेताओं से मुलाकात के दौरान आजम खां ने घोषणा पत्र और हाल ही में घोषित पांच प्रत्याशियों को लेकर सवालों पर कोई टिप्पणी नहीं की। उन्होंने कहा कि इस बारे में लखनऊ पहुंचकर ही बात करेंगे। गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर उनका जवाब था कि यह बड़ों का फैसला है और इसे उन्हीं पर छोड़ देना चाहिए।
पश्चिमी यूपी की सीटों पर आजम की राय अहम
विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच सपा में टिकटों को लेकर भी चर्चा तेज है। संभावना जताई जा रही है कि बृहस्पतिवार को अखिलेश यादव और आजम खां के बीच प्रत्याशियों के चयन पर बातचीत हो सकती है। खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मुरादाबाद मंडल की सीटों पर आजम खां की राय को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हालांकि, दोनों नेताओं के बीच किसी औपचारिक बैठक की पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में लखनऊ में आजम खां की भूमिका और पार्टी के आगामी फैसलों पर सियासी नजरें टिकी रहेंगी।
Facebook टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें
टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।
