विश्व जागरण
Top News

वकीलों का कथित जमीन सिंडिकेट बेनकाब, एक दर्जन मामले आए सामने

Bindu Mishra
November 27, 2026
2 min read
वकीलों का कथित जमीन सिंडिकेट बेनकाब, एक दर्जन मामले आए सामने

जमीनों के विवाद को हथियार बनाकर करोड़ों का खेल करने वाले वकीलों के कथित सिंडिकेट का खुलासा हुआ है। आरोप है कि यह गिरोह विवादित जमीनों की तलाश करता था और एक पक्ष से महज एक से सवा लाख रुपये में एग्रीमेंट टू सेल करवा लेता था। इसके बाद दबंगई के दम पर जमीन पर कब्जा किया जाता था। मोटी रकम मिलने पर जमीन पहले पक्ष को वापस कर दी जाती थी, जबकि रकम नहीं मिलने पर उसे अपने नाम कराकर दूसरे लोगों को बेच दिया जाता था।

कोर्ट परिसर में मारपीट के मामले में आरोपी वकील सौरभ कुमार वर्मा, हर्षित पांडेय उर्फ यश और अभय प्रताप वर्मा जेल भेजे जा चुके हैं। हाईकोर्ट भी इन वकीलों समेत अन्य आपराधिक मामलों में शामिल वकीलों के इतिहास और संपत्तियों को लेकर हैरानी जता चुका है। अब सामने आए दस्तावेजों और पीड़ितों के बयानों से जमीन के कथित कारोबार की परतें खुल रही हैं।

एक लाख रुपये में कराया 5100 वर्गफीट जमीन का एग्रीमेंट

तहसील से मिले दस्तावेजों के मुताबिक, रामबहादुर नाम के व्यक्ति की 5100 वर्गफीट जमीन का विवाद तहसील में चल रहा था। तहसीलदार कोर्ट से वाद खारिज होने के बाद उन्होंने 18 जुलाई को एक लाख रुपये में सौरभ वर्मा के साथ एग्रीमेंट टू सेल किया था। इस जमीन की कीमत करोड़ों में बताई जा रही है। हालांकि, सौरभ के जेल जाने के कारण कथित सिंडिकेट इस जमीन पर कब्जा नहीं कर सका।

करीबी वकील ही बनते थे गवाह

जांच में अब तक सौरभ और उसके साथियों का संबंध इस तरह के एक दर्जन से अधिक मामलों में सामने आने की बात कही जा रही है। आरोप है कि एग्रीमेंट में गवाह भी गिरोह के करीबी लोग होते थे, जिनमें अधिकतर वकील शामिल रहते थे। रामबहादुर के साथ हुए एग्रीमेंट में अभय प्रताप भी गवाह था। इस व्यवस्था के जरिए कथित तौर पर कानूनी अड़चनों और विरोध की आशंका को कम करने की कोशिश की जाती थी।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।

सम्बंधित ख़बरें