शेयर बाजार में रौनक, सेंसेक्स 449 अंक चढ़ा; निफ्टी 25,400 के पार

भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में तेजी का रुख देखने को मिला। विदेशी संस्थागत निवेशकों की खरीदारी और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से घरेलू बाजार को मजबूती मिली। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 449 अंक तक चढ़ा, जबकि निफ्टी भी 25,400 अंक के पार निकल गया।
कारोबार की शुरुआत में बीएसई सेंसेक्स 448.73 अंक यानी 0.55 प्रतिशत बढ़कर 82,553.52 अंक पर पहुंच गया। इसी तरह एनएसई निफ्टी 109.75 अंक यानी 0.43 प्रतिशत की तेजी के साथ 25,400.85 अंक पर कारोबार कर रहा था।
एविएशन और ऑटो शेयरों में खरीदारी
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में इंटरग्लोब एविएशन, मारुति सुजुकी, अदाणी पोर्ट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एक्सिस बैंक और एसबीआई के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी दर्ज की गई। वहीं, आईटी और ऊर्जा क्षेत्र के कुछ शेयर दबाव में रहे। टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, पावर ग्रिड और एनटीपीसी के शेयरों में गिरावट देखने को मिली।
कच्चे तेल की कीमतों में 0.88 फीसदी गिरावट
वैश्विक बाजारों से मिले संकेत मिले-जुले रहे। एशिया के प्रमुख बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।
इस बीच ब्रेंट क्रूड की कीमतों में भी गिरावट दर्ज की गई। वायदा कारोबार में अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.88 प्रतिशत टूटकर 91.65 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। तेल की कीमतों में नरमी से भारतीय अर्थव्यवस्था और बाजार को राहत मिलने की उम्मीद रहती है।
एफआईआई की खरीदारी से बाजार को मिला सहारा
विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को घरेलू शेयर बाजार में 4,864.68 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की। बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी पूंजी का यह प्रवाह मंगलवार को भी निवेशकों के लिए सकारात्मक संकेत बना रहा।
गौरतलब है कि सोमवार को भी बाजार में अच्छी बढ़त रही थी। सेंसेक्स 512.34 अंक चढ़कर 82,104.79 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 146.80 अंक की तेजी के साथ 25,291.10 अंक पर पहुंच गया था। मंगलवार की शुरुआती तेजी ने बाजार में सकारात्मक माहौल को आगे बढ़ाया।
Facebook टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें
टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।
