विश्व जागरण
Top News

गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर खुले करतारपुर कॉरिडोर: भगवंत मान

Bindu Mishra
November 16, 2026
2 min read
गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर खुले करतारपुर कॉरिडोर: भगवंत मान

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को देखते हुए श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर दोबारा खोलने की मांग की है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की है कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए कॉरिडोर खोलने का फैसला लिया जाए।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि नानक नाम लेवा संगत रोजाना बिछड़े गुरुधामों के खुले दर्शन-दीदार की अरदास करती है।

पंजाब विधानसभा में पारित हुआ था प्रस्ताव

सीएम मान ने कहा कि श्रद्धालुओं की भावनाओं और उनकी उम्मीदों को देखते हुए पंजाब सरकार विधानसभा में भी कॉरिडोर खोलने के संबंध में प्रस्ताव पारित कर चुकी है। उन्होंने आशा जताई कि केंद्र सरकार इस मांग पर जल्द सकारात्मक फैसला लेगी और कॉरिडोर दोबारा खोलने की घोषणा करेगी।

बस हादसे में मृतकों के परिजनों को पांच लाख

दूसरी ओर, मुख्यमंत्री ने तरनतारन जिले में हुए बस हादसे के पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है। हादसे में जान गंवाने वाले पांच लोगों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, घायल लोगों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी।

गौरतलब है कि शनिवार को नेशनल हाईवे-54 पर नौशेरा पन्नुआं के पास पंजाब सरकार की दो बसें आपस में टकरा गई थीं। हादसे में चार तीर्थयात्रियों और एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हुए थे।

अस्पताल जाकर घायलों से मिले सीएम

भगवंत मान ने रविवार को अमृतसर के अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की। सरकार की ओर से मृतकों के परिवारों और घायलों को आर्थिक मदद देने की घोषणा की गई है।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।

सम्बंधित ख़बरें