कोसी नदी में बड़ा हादसा, किसानों से भरी नाव डूबी; 4 अब भी लापता

कोसी नदी में बड़ा हादसा, किसानों से भरी नाव डूबी; 4 अब भी लापता

बिहार के दरभंगा जिले से एक बेहद दुखद और बड़ा हादसा सामने आया है। जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बनरी ढलान के पास बुधवार को कोसी नदी की तेज धार में 11 किसानों से भरी एक नाव (Kosi River) अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। नदी के बीचों-बीच हुए इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। नाव पर सवार लोगों में से 7 किसान किसी तरह हिम्मत जुटाकर और तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे, जबकि 4 अन्य लोग नदी के तेज बहाव में लापता हो गए हैं। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है और लापता लोगों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह दुर्घटना उस समय हुई जब नाव पर सवार सभी स्थानीय किसान बुधवार की सुबह नदी पार कर दूसरे छोर पर स्थित अपने खेतों में मूंग की फसल तोड़ने के लिए जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस नाव पर कुल 11 लोग सवार थे, जिनमें अधिकांश महिलाएं शामिल थीं। नदी पार करने के दौरान अचानक कोसी नदी (Kosi River) की मुख्य और तेज धारा के संपर्क में आने से नाव का संतुलन बिगड़ गया।
पानी का बहाव और थपेड़े इतने जोरदार थे कि नाव में तेजी से पानी भरने लगा और देखते ही देखते पूरी नाव नदी (Kosi River) के बीचों-बीच समा गई। नाव डूबते ही उस पर सवार लोग जान बचाने के लिए संघर्ष करने लगे, जिसमें से 7 लोग तैरकर किनारे आ गए, लेकिन 4 किसान पानी के तेज वेग को संभाल नहीं पाए और बह गए।
हादसे की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासनिक अमला तुरंत हरकत में आ गया। सूचना मिलते ही बिरौल के अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) शशांक राज और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) प्रभाकर तिवारी तुरंत भारी पुलिस बल और गोताखोरों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने तत्काल स्थिति का जायजा लेते हुए राहत व बचाव कार्य शुरू कराया। लापता किसानों की तलाश के लिए एसडीआरएफ (SDRF) और स्थानीय कुशल गोताखोरों की विशेष टीमों को रेस्क्यू ऑपरेशन में उतारा गया है।
बिरौल SDO शशांक राज ने बताया कि कोसी नदी (Kosi River) की तेज धारा के बीच लापता लोगों की खोजबीन के लिए युद्धस्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और इस काम में स्थानीय ग्रामीणों की भी मदद ली जा रही है, हालांकि अभी तक लापता लोगों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।