देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Dhami) ने मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में ‘प्रखर छात्रवृत्ति योजना 2025’ के तहत चयनित मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। यह कार्यक्रम दैनिक जागरण समूह द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें अखबार वितरण करने वाले एजेंटों के परिवारों से जुड़े प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री (CM Dhami) ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने कहा कि ये विद्यार्थी न केवल अपने परिवारों के लिए प्रेरणा हैं, बल्कि पूरे समाज के सामने एक मिसाल पेश कर रहे हैं।
माता-पिता के संघर्ष को बताया सफलता की नींव
मुख्यमंत्री धामी (CM Dhami) ने अभिभावकों के परिश्रम और त्याग की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की सफलता के पीछे माता-पिता का संघर्ष और समर्पण सबसे बड़ी ताकत होती है। उनके अथक प्रयासों का ही परिणाम है कि आज बच्चे इस मुकाम तक पहुंचे हैं।
शिक्षा में सुधार सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री (CM Dhami) ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सुधार और नवाचार के लिए प्रतिबद्ध है। मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है, ताकि वे आगे बढ़कर समाज और देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
सपनों को कभी मत छोड़ो
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहें और लक्ष्य प्राप्ति तक रुकें नहीं। मेहनत और लगन से हर मंजिल हासिल की जा सकती है।
कार्यक्रम में महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, दैनिक जागरण समूह के वरिष्ठ अधिकारी, अभिभावक और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
