इस्तीफे से पहले नीतीश कुमार भावुक, नई सरकार को दी शुभकामनाएं

इस्तीफे से पहले नीतीश कुमार भावुक, नई सरकार को दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) की अगुवाई में पटना में आखिरी कैबिनेट बैठक बुलाई गई जिसमें वह काफी भावुक हो गए। बैठक के बाद नीतीश आज ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे। इसके बाद बिहार में कल नई सरकार अस्तित्व में आएगी। कल राज्य के नए मुख्यमंत्री के अलावा 2 अन्य उपमुख्यमंत्री भी पद की शपथ लेंगे।
इससे पहले पटना में मुख्यमंत्री के तौर पर नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने अपनी आखिरी कैबिनेट बैठक की अगुवाई की। इस बैठक में कोई खास एजेंडा नहीं रखा गया था। बैठक में कैबिनेट के तमाम सहयोगी भी मौजूद रहे और यह बैठक काफी भावुक कर देने वाला था। कैबिनेट की आखिरी बैठक में खुद सीएम नीतीश भी भावुक हो गए। साथ ही उन्होंने नई सरकार के लिए अपनी शुभकामनाएं भी दी।
बैठक के बाद सचिवालय के पोर्टिको में नीतीश कुमार के साथ सेल्फी लेने की होड लग गई। वहां मौजूद मंत्री और अधिकारी नीतीश के साथ सेल्फी लेने लगे।
सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद राज्य में नई सरकार के गठन की कवायद शुरू होगी। माना जा रहा है कि कल बुधवार को नई सरकार पद की शपथ लेगी। मुख्यमंत्री के अलावा 2 उपमुख्यमंत्री शपथ लेंगे। राज्य के सबसे लंबे समय तक सीएम रहे नीतीश के बाद बिहार में पहली बार भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की अगुवाई में सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया है।