देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Dhami) ने शुक्रवार को नगर निगम देहरादून में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शहर के विकास और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए। उन्होंने 2.32 करोड़ रुपये की लागत से जुगमन्दर हॉल के जीर्णोद्धार एवं नवीनीकरण कार्य का लोकार्पण किया, साथ ही केदारपुरम स्थित एबीसी सेंटर में कैनाल निर्माण और नगर निगम क्षेत्र के छह स्थानों पर पार्कों के विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का शिलान्यास भी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री (CM Dhami) ने कहा कि राज्य सरकार “विकास भी, विरासत भी” के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि देहरादून अपनी सांस्कृतिक पहचान को संजोते हुए तेजी से आधुनिक शहर के रूप में विकसित हो रहा है और सरकार इसके लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री (CM Dhami) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में चल रही शहरी विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वच्छ भारत मिशन, अमृत योजना, स्मार्ट सिटी मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से शहरों में स्वच्छता, जल आपूर्ति, सीवरेज, आवास और आधुनिक सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।
उन्होंने बताया कि देहरादून को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहर बनाने के लिए 1400 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। कचरा प्रबंधन के लिए आधुनिक मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन, कूड़ा वाहनों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग हेतु इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, तथा शहर में 35 नए पार्कों का निर्माण किया गया है। केदारपुरम में योगा थीम पर आधारित शहर का सबसे बड़ा पार्क भी विकसित किया गया है।
मुख्यमंत्री (CM Dhami) ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए शहर में 30 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा रहा है और निजी इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए 11 चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं। साथ ही, जल संरक्षण के लिए रिचार्ज पिट बनाए जा रहे हैं और वीर बलिदानियों की स्मृति में विशेष स्मृति पार्कों के माध्यम से 50 हजार वर्ग मीटर से अधिक हरित क्षेत्र विकसित किया गया है।
उन्होंने कहा कि जल्द ही दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का शुभारंभ होगा, जिससे आवागमन और तेज होगा। इसके मद्देनजर पार्किंग, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए रिस्पना और बिंदाल नदियों पर एलिवेटेड रोड निर्माण की योजना भी तैयार की जा रही है।
नगर निगम देहरादून के कार्यों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले एक वर्ष में निगम का राजस्व 52 करोड़ रुपये से बढ़कर 73 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो लगभग 40 प्रतिशत की वृद्धि है। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण में लगे वाहनों की संख्या भी 200 से बढ़कर 300 के करीब हो गई है।
मुख्यमंत्री (CM Dhami) ने स्पष्ट कहा कि सरकारी और निगम की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराना सरकार की प्राथमिकता है और इस दिशा में सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से देहरादून को देश के शीर्ष स्वच्छ शहरों में शामिल करने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, रामसिंह कैड़ा, खजान दास, मेयर सौरभ थपलियाल, विधायक उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, सहदेव सिंह पुंडीर, नगर आयुक्त नमामि बंसल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
