देहरादून। मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत एलकेडी मोटर मार्ग (LKD Motorway) के लिए 14.55 करोड़ की स्वीकृति पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Dhami) का आभार जताया।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत गुनियालगांव स्थित सामुदायिक भवन का शीघ्र ही जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और सामाजिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।
इसके अतिरिक्त, जनपद देहरादून में विधानसभा क्षेत्र मसूरी के अंतर्गत देहरादून–किमाड़ी–लम्बीधार–कार्ट मेकेन्जी–कम्पनी गार्डन मोटर मार्ग (एसएच–79) के किमी 1 से 24 (सप्लाई, कैंट से लम्बीधार, बासागढ़, मसूरी) तक सिंगल लेन से इंटरमीडिएट लेन में परिवर्तन हेतु अतिरिक्त पहाड़ कटान, क्रॉस ड्रेन एवं सुरक्षा दीवारों के निर्माण कार्य भी शीघ्र प्रारंभ किए जाएंगे। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सड़क के चौड़ीकरण से यातायात सुगम होगा, दुर्घटनाओं में कमी आएगी तथा पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
इसके साथ ही गुनियालगांव में सामुदायिक भवन के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार के कार्य को मुख्यमंत्री घोषणा के तहत सम्मिलित किए जाने पर भी मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया गया। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि दोनों योजनाओं का शुभारंभ शीघ्र ही मुख्यमंत्री धामी के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा।
