दिल्ली सरकार ने टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन (Shikhar Dhawan) को बड़ी जिम्मेदारी दी है। धवन को दिल्ली खेल महाकुंभ का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने मंगलवार को मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता की उपस्थिति में पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन से मुलाकात की। मुलाकात के बाद श्री सूद ने बताया की दिल्ली में 13 फरवरी 2026 से शुरू हो रहे दिल्ली खेल महाकुंभ के लिए शिखर धवन (Shikhar Dhawan) को ब्रांड एम्बेसडर बनाया गया है। सूद ने कहा की धवन ने दिल्ली सरकार की खेलों के प्रति प्रतिबद्धता को देखकर दिल्ली के खेलों का ब्रांड एंबेसडर बनने का फैसला लिया है।
आशीष सूद ने कहा की दिल्ली के बच्चों और युवाओं को खेलों में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से श्री धवन ने दो कदम आगे बढ़कर यह जिम्मेदारी स्वीकार की है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने कक्ष में श्री धवन का आभार व्यक्त किया और दिल्ली के खिलाड़ियों के प्रति उनके इस योगदान की सराहना की। शिक्षा मंत्री ने कहा की दिल्ली सरकार, दिल्ली के युवाओं और खिलाड़ियों की ओर से एक अत्यंत सफल खिलाड़ी और प्रेरणादायी व्यक्तित्व शिखर धवन का स्वागत करते हुए गर्व महसूस कर रही है, जिन्होंने अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए दिल्ली के खिलाड़ियों को आगे ले जाने का संकल्प लिया है।
दिल्ली खेल महाकुंभ 13 तारीख से शुरू हो रहा है, जिसके उद्घाटन समारोह से लेकर पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने हेतु शिखर धवन की उपस्थिति रहेगी। श्री सूद ने कहा की दिल्ली सरकार को विश्वास है कि श्री धवन के मार्गदर्शन और प्रेरणा से दिल्ली के युवा खिलाड़ियों को नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और पहचान मिलेगी।
शिखर धवन बने दिल्ली खेल महाकुंभ के ब्रांड एंबेसडर
