महाराष्ट्र के मुंबई के मुलुंड (पश्चिम) इलाके में शनिवार दोपहर एलबीएस रोड स्थित निर्माणाधीन मेट्रो पिलर (Metro Pillar) के सीमेंट का एक हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया। इसकी चपेट में कई गाड़ियां भी आईं। पिलर का हिस्सा एक ऑटो रिक्शा पर भी आ गिरा, जिससे उसमें सवार यात्रियों को चोटें आईं। इस हादसे में 4 लोगों घायल हुए हैं।
बीएमसी के अधिकारियों ने बताया कि ये हादसा दोपहर करीब 12:20 बजे हुआ है। एक ऑटो में सवार 4 लोग घायल हुए हैं। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गिरा हुआ सीमेंट ढांचा काफी बड़ा और भारी था, जिससे ऑटो का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
सूचना मिलते ही मौके पर राहत और बचाव टीम पहुंच गई है। मुंबई फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्काल स्थिति का आकलन कर मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया है। स्थानीय पुलिस, मेट्रो ( Metro) प्राधिकरण के अधिकारी, वार्ड प्रशासन के कर्मचारी और 108 एंबुलेंस सेवा के दल भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। घायलों को प्राथमिक उपचार देने और अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद कुछ समय के लिए एलबीएस रोड पर यातायात बाधित हो गया और आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने तत्काल क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया और ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ दिया, ताकि बचाव कार्य में कोई बाधा न आए।
शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि निर्माणाधीन पिलर (Metro Pillar) कमजोर था। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता तकनीकी जांच के बाद ही चल सकेगा। मेट्रो परियोजना से जुड़े इंजीनियरों और ठेकेदार कंपनी के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया है।
स्थानीय प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि घटना की उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी और यदि निर्माण में लापरवाही या सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आती है तो जिम्मेदार एजेंसियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस बीच, लोगों में निर्माणाधीन मेट्रो कार्यों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है। मलबा पूरी तरह हटाए जाने के बाद ही क्षति और हादसे की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
