मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर किसानों को मुआवजा मिलना शुरु, एक अप्रैल तक बारिश का भी अलर्ट

मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर किसानों को मुआवजा मिलना शुरु, एक अप्रैल तक बारिश का भी अलर्ट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मार्च के दूसरे पखवारे से मौसम में आये अचानक बदलाव से सबसे अधिक नुकसान फसलों का हुआ है। असमय बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी गेहूं और सरसों की फसलों की हालात देख किसान दु:खी हैं। कुछ ऐसा ही हाल आलू उत्पादक किसानों का है। इतना ही नहीं मौसम में अभी एक अप्रैल तक और बदलाव होने का पूर्वानुमान है। इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने किसानों को राहत देने के लिए विभागीय अधिकारियों को फसलों के नुकसान का आकलन कर मुआवजा वितरण के निर्देश दिए हैं। अब तक 10 हजार किसानों को 4.60 करोड़ रुपये मुआवजा दिया जा चुका है।

योगी आदित्यनाथ सरकार (Yogi Government) ने प्रदेश में अचानक बदले मौसम में बारिश, अंधड़ और ओला वृष्टि से हुए नुकसान का आकलन कर किसानों को राहत देने का काम शुरु कर दिया है।

जिलाधिकारियों को असमय बारिश से किसानों की बर्बाद हुई फसल की जानकारी लेने के निर्देश देते हुए कहा गया है कि राजस्व, कृषि विभाग व बीमा कंपनी संयुक्त सर्वे कराकर फसल नुकसान की स्थिति से शासन को अवगत कराएं। फसलों की हुई क्षति का आकलन की रिपोर्ट तैयार होते ही मुआवजा प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। किसानों का भुगतान समयबद्ध ढंग होगा।

मुख्यमंत्री योगी (CM Yogi) ने कहा किसानों को हुए नुकसान में उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री योगी ने प्रमुख सचिव (कृषि) और राहत आयुक्त को भी निर्देश दिया कि जमीन स्तर पर तैनात अधिकारियों से संपर्क और समन्वय बनाकर फसलों को हुई क्षति का आकलन कर मुआवजा वितरण की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए। भुगतान समयबद्ध ढंग से हो।

आकलन के बीच किसानों को मुआवजा वितरण काम शुरु

कृषि विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में बेमौसम बारिश से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। 15 मार्च से असमय बारिश शुरु हुई और तब से लेकर अब काफी फसलों का नुकसान हो चुका है। अनुमान है कि 15 हजार किसानों की 4300 हेक्टेयर फसलें खराब हुई हैं। इनमें से 244.23 हेक्टेयर फसल ओले गिरने और 4053.11 हेक्टेयर फसल भारी बारिश की वजह से खराब हुई। अब तक 10, 278 किसानाें काे 4 कराेड़ 60 लाख रुपये मुआवजे के रूप में प्रदान किए जा चुके हैं। जैसे जैसे आकलन रिपोर्ट आती जाएगी, उसी के अनुरूप शेष प्रभावित किसानों को आने वाले दिनों में और तेजी से मुआवजा वितरण किया जाएगा।

29 मार्च से एक अप्रैल तक हल्की बारिश के आसार

उत्तर प्रदेश में आज रविवार 29 मार्च से एक अप्रैल तक हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है। इससे तापमान 4-5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इतना ही नहीं मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में मेघगर्जन व वज्रपात होने का भी अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के तीन दर्जन से अधिक जिलों में सुबह से बादल छाए हुए हैं और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हुई।

मौसम विभाग का अनुमान है कि 29 मार्च से एक अप्रैल के मध्य इस दौरान लगभग 30-40 किमी. प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा भी चलेगी और प्रदेश में कई स्थानाें में हल्की से मध्यम बारिश के पूर्वानुमान हैं। इसका असर राज्य के 50 से अधिक जिलों में हाेने वाला है।
मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि निवर्तमान पश्चिमी विक्षोभ के पूर्वी दिशा में आगे बढ़ने के साथ ही बिहार सीमा से लगे पूर्वांचल के सीमावर्ती जिलों को छोड़कर प्रदेश के शेष भाग में मौसम साफ़ होने की संभावना है। हालांकि ईरान के आसपास संकेन्द्रित पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव पहुँचने से पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 29 मार्च तक जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 30 मार्च तक अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक बढ़ोत्तरी होने की संभावना है|

उन्होंने बताया कि रविवार 29 अप्रैल को नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है। इससे बारिश का नया दौर शुरू होगा। शुरुआत पश्चिमी उत्तर प्रदेश से होगी। कई जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी। कुछ जगहों पर बिजली गिरने की भी आशंका है।