लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती (Mayawati) ने शनिवार को पार्टी की एक अहम बैठक में आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को अभी से पूरी ताकत के साथ जुट जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चुनाव में अब ज्यादा समय नहीं बचा है, ऐसे में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और जनता के बीच सक्रिय रहना बेहद जरूरी है।
मीडिया को संबोधित करते हुए मायावती (Mayawati) ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया के चलते हाल के दिनों में पार्टी की गतिविधियां प्रभावित हुई हैं, लेकिन अब सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को पूरी ऊर्जा के साथ चुनावी तैयारी में लग जाना चाहिए। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और निरंतर जनसंपर्क बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
बसपा सुप्रीमो ने विपक्षी दलों पर आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक पार्टियां बसपा के खिलाफ साजिश कर रही हैं और पार्टी को कमजोर करने की कोशिशें हो रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ऐसी साजिशों के प्रति सतर्क रहने और पार्टी की विचारधारा व नीतियों को मजबूती से जनता तक पहुंचाने की अपील की।
मायावती (Mayawati) ने मौजूदा संसद के बजट सत्र में पक्ष और विपक्ष के बीच चल रहे गतिरोध को सियासी पार्टियों का “खेला” करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में मौजूद सरकारें जनहित के मुद्दों पर काम करने के बजाय धर्म और जाति की राजनीति को बढ़ावा दे रही हैं, जिससे समाज में विभाजन और नफरत का माहौल बन रहा है।
उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि गरीबों, ओबीसी, एससी-एसटी, अल्पसंख्यकों, किसानों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाया जाए और जनता के बीच जाकर उनकी आवाज बना जाए। मायावती ने कहा कि बीएसपी हमेशा सामाजिक न्याय और ‘सर्वजन हिताय’ की राजनीति करती आई है और आगामी विधानसभा चुनावों में भी पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। बैठक में चुनावी रणनीति, संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान को तेज करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
उन्होंने विश्वास जताया कि मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ताओं के बल पर बीएसपी आने वाले चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेगी। बैठक में जिला, मंडल और विधानसभा स्तर के अध्यक्षों समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
बसपा के खिलाफ हो रही साजिशें, कार्यकर्ता सतर्क रहे: मायावती
