मऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में विकास और आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में निरंतर ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मऊ जनपद एवं दोहरीघाट क्षेत्र को आज एक महत्वपूर्ण सौगात प्राप्त हुई, जब वर्षों से लंबित दोहरीघाट-औड़िहार मेमू ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया गया। यह बहुप्रतीक्षित रेल सेवा क्षेत्रीय जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग थी, जिसे उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा (AK Sharma) के निरंतर प्रयासों, सक्रिय पहल और प्रभावी समन्वय के चलते साकार किया जा सका। मंत्री जी के अनुरोध से ही रेल मंत्री जी ने वाराणसी तक के लिए घोषणा कर दी।
दोहरीघाट रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में भारत सरकार के रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वर्चुअल माध्यम से जुड़े तथा मंत्री ए.के. शर्मा (AK Sharma) ने हरी झंडी दिखाकर मेमू ट्रेन को रवाना किया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं रेलवे अधिकारियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। ट्रेन के शुभारंभ के अवसर पर क्षेत्रवासियों ने इसे विकास और सुविधा की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।
मंत्री ए.के. शर्मा (AK Sharma) ने अपने संबोधन में कहा कि यह नई मेमू ट्रेन सेवा केवल एक रेल परियोजना नहीं, बल्कि मऊ एवं आसपास के क्षेत्रों के आर्थिक, सामाजिक और शैक्षिक विकास की नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि इस सेवा से प्रतिदिन यात्रा करने वाले छात्रों, नौकरी-पेशा लोगों, छोटे व्यापारियों, किसानों एवं आम नागरिकों को अत्यधिक लाभ मिलेगा। क्षेत्र के किसानों को कृषि उत्पाद, सब्जियां, दूध एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं के परिवहन में सुविधा प्राप्त होगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में रेलवे नेटवर्क का अभूतपूर्व विस्तार हो रहा है तथा आधुनिक सुविधाओं से युक्त रेल सेवाओं का तेजी से विकास किया जा रहा है। मऊ क्षेत्र को भी लगातार नई परियोजनाओं की सौगात मिल रही है। मंत्री श्री शर्मा ने बताया कि रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के सहयोग से क्षेत्र में कई अन्य रेल परियोजनाओं पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है, जिनमें अंडरपास निर्माण, रेलवे सुविधाओं का विस्तार तथा मऊ से दिल्ली जाने वाली ट्रेनों की आवृत्ति बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास शामिल हैं।
मंत्री ए.के. शर्मा (AK Sharma) ने कहा कि मऊ जनपद में विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। रेलवे ओवरब्रिज, सड़क निर्माण, पीपा पुल, नाला निर्माण, विद्युत ट्रांसफार्मर स्थापना, गेहूं क्रय केंद्रों का संचालन एवं अन्य जनहितकारी योजनाओं पर तेजी से कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है और इसी संकल्प के साथ निरंतर कार्य किया जा रहा है।
मंत्री ए.के. शर्मा (AK Sharma) ने इस ऐतिहासिक सौगात के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी के कुशल नेतृत्व एवं दूरदर्शी सोच के कारण देश तेजी से विकसित भारत के संकल्प की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार जनहित और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रही है, जिसका लाभ सीधे आम जनता को मिल रहा है।
