रेमंड ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर गौतम सिंघानिया (Gautam Singhania) के साथ बड़ा हादसा हो गया है। हादसा मालदीव में हुआ है, जहां वो स्पीडबोट पलटने से घायल हो गए। इसके बाद उन्हें एयरलिफ्ट कर मुंबई लाया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके साथ बोट पर देश के दिग्गज रैली ड्राइवर हरि सिंह और एक अन्य दोस्त भी थे, जो कि लापता हैं। वहीं, एएनआई ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, सिंघानिया के स्पोक्सपर्सन ने बताया है कि रेमंड ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर को एक्सीडेंट में मामूली चोटें आईं। वह मुंबई में सही देखभाल के साथ ठीक हो रहे हैं।
गौतम सिंघानिय (Gautam Singhania) देश के प्रमुख उद्योगपतियों में शुमार हैं। वो देश की प्रतिष्ठित टेक्सटाइल कंपनी रेमंड लिमिटेड के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। बिजनेस से इतर सिंघानिया कार रेसिंग, एविएशन और लग्जरी लाइफस्टाइल के लिए चर्चा में रहते हैं। 9 सितंबर 1965 को जन्मे गौतम सिंघानिया फैमिली की चौथी पीढ़ी से आते हैं, जिसने देश में टेक्सटाइल इंडस्ट्री को बड़ी पहचान दिलाई है।
2000 में रेमंड ग्रुप की कमान संभाली
गौतम सिंघानिया (Gautam Singhania) 1990 के दशक में पारिवारिक व्यवसाय में सक्रिय हुए। साल 2000 में उन्होंने रेमंड ग्रुप की कमान संभाली। कंपनी को पारंपरिक सूटिंग-शर्टिंग ब्रांड से ग्लोबल लाइफस्टाइल ब्रांड में बदलने का भी काम किया। रेमंड को The Complete Man ब्रांड पहचान दी। टेक्सटाइल के साथ ही रेडीमेड गारमेंट्स और रिटेल सेक्टर में विस्तार हुआ।
गौतम सिंघानिया (Gautam Singhania) की पर्सनल लाइफ
गौतम की शादी नवाज मोदी सिंघानिया से हुई थी। हाल के वर्षों में उनकी पर्सनल लाइफ विवादों और तलाक को लेकर सुर्खियों में रही। इसके साथ ही गौतम कई बार विवादों में भी रहे हैं। उनका पारिवारिक संपत्ति, पत्नी के साथ मतभेद और कंपनी के अंदरूनी फैसले भी चर्चा में रहे हैं।
स्पीडबोट पलटने से उद्योगपति गौतम सिंघानिया घायल, मुंबई में इलाज जारी
