SelectUSA Summit 2026 : भारतीय कंपनियों ने किया 20.5 अरब डॉलर का रिकॉर्ड निवेश

SelectUSA Summit 2026 : भारतीय कंपनियों ने किया 20.5 अरब डॉलर का रिकॉर्ड निवेश

SelectUSA Summit 2026 : भारत और अमेरिका के बीच आर्थिक सहयोग में एक बड़ा उछाल देखने को मिला है। भारत की कंपनियों ने अमेरिका में 20.5 अरब डॉलर से अधिक निवेश की योजना की घोषणा की है। यह जानकारी भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने बुधवार को दी।
राजदूत गोर के अनुसार, यह निवेश स्वास्थ्य, प्रौद्योगिकी, मैन्युफैक्चरिंग और फार्मास्यूटिकल्स जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में किया जाएगा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि “राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिका में रिकॉर्ड स्तर पर निवेश आ रहा है, जिसमें भारतीय कंपनियां प्रमुख भूमिका निभा रही हैं।”
उन्होंने बताया कि SelectUSA निवेश शिखर सम्मेलन के दौरान 12 भारतीय कंपनियों ने एक ही दिन में 1.1 अरब डॉलर के निवेश की घोषणा की है। इससे अमेरिका में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और सप्लाई चेन मजबूत होगी।
अमेरिकी वाणिज्य विभाग में अंतरराष्ट्रीय व्यापार के अंडर सेक्रेटरी विलियम किमिट ने भी इस विकास को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि इस बार SelectUSA समिट में भारतीय कंपनियों की भागीदारी और निवेश घोषणाएं अब तक की सबसे अधिक हैं।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब दोनों देश 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 500 अरब डॉलर तक पहुंचाने के लक्ष्य पर काम कर रहे हैं। हाल ही में हुए समझौते के तहत भारत अगले पांच वर्षों में अमेरिका से ऊर्जा, विमानन, धातु, कोयला और तकनीकी उत्पादों की बड़ी खरीद करेगा।
राजदूत गोर ने हाल ही में नई दिल्ली में अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स (AMCHAM) के साथ बैठक कर व्यापार और निवेश संबंधों को और मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अमेरिकी कंपनियां भारत में निवेश बढ़ाकर दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जा रही हैं।
इसके अलावा, भारत और अमेरिका ने AI, क्रिटिकल मिनरल्स और अन्य तकनीकी क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति जताई है। भारत ने हाल ही में Pax Silica पहल में शामिल होकर इस साझेदारी को और मजबूती दी है।