उत्तर 24 परगना। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के प्रचार के अंतिम दिन राजारहाट गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी तरुण ज्योति तिवारी के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। सभा के दौरान योगी आदित्यनाथ ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बंगाल के दिल और नैनों में काबा-मदीना नहीं, मां काली और मां दुर्गा हैं। टीएमसी के लोगों को इसका एहसास कराने का समय आ गया है। मुख्यमंत्री के संबोधन के बाद पूरा पंडाल ‘योगी-योगी’ के नारों से गूंज उठा।
बंगाल ने परिवर्तन की ठान ली
मुख्यमंत्री (CM Yogi) ने कहा कि हमारा यहां जोरदार रोड-शो होना था, लेकिन टीएमसी सरकार ने परमिशन नहीं दी। इसलिए हमने इसे सभा के रूप में ही प्रारंभ किया है। जब यहां डबल इंजन की सरकार बनेगी, तब हम यहां जोरदार रोड-शो करेंगे। सीएम योगी ने बंगाल की गौरवपूर्ण विरासत को याद दिलाते हुए कहा कि बंगाल त्याग और बलिदान की भूमि है, स्वाभिमान की भूमि है। बंगाल साहित्य की, कला की, संस्कृति की और विज्ञान की भूमि है। यह धरा भारत की प्रेरणा भूमि रही है, लेकिन आज भारत को पहचान देने वाला बंगाल स्वयं अपनी पहचान के लिए मोहताज हो गया है। कभी अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन रहा बंगाल आज कंगाल हो चुका है। उद्योग बंद हो रहे हैं, नौजवान बेरोजगार है, किसान अपमानित महसूस कर रहा है और लव जिहाद-लैंड जिहाद की घटनाएं बढ़ रही हैं। इस गुंडाराज, कुशासन और अराजकता से मुक्ति का सबसे अच्छा माध्यम चुनाव है। 23 अप्रैल को पहले चरण के मतदान के रुझानों से साफ है कि बंगाल ने परिवर्तन की ठान ली है। हर नौजवान, हर बहन-बेटी डबल इंजन सरकार के लिए उठ खड़ी हुई है।
कल्चरल कैपिटल को टीएमसी ने बना दिया क्राइम कैपिटल
मुख्यमंत्री (CM Yogi) ने कहा कि जो बंगाल कभी भारत की कल्चरल कैपिटल कहलाता था, टीएमसी और कम्युनिस्टों ने उसे क्राइम कैपिटल बना दिया है। ममता दीदी को परेशानी होती है अगर कोई ‘जय श्रीराम’ बोल दे। वे दुर्गा पूजा नहीं होने देतीं, विसर्जन की शोभायात्रा रोकती हैं, लेकिन इफ्तारी पार्टी का स्वागत करती हैं। तारकेश्वर का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि मुझे आज तारकनाथ मंदिर में दर्शन का अवसर मिला। टीएमसी ने 15 वर्षों में वहां कुछ नहीं किया। अगर डबल इंजन की सरकार होती, तो काशी विश्वनाथ की तर्ज पर भव्य कॉरिडोर बनता।
उत्तर प्रदेश का मॉडल बताते हुए योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने कहा कि 2017 से पहले यूपी में भी यही गुंडागर्दी और अराजकता थी। आज यूपी में बेटी सुरक्षित है, व्यापारी सुरक्षित है, अर्थव्यवस्था ग्रोथ इंजन बन गई है। यहां सड़कों पर नमाज नहीं पढ़ी जाती, इफ्तारी की दावत नहीं होती। बल्कि हर-हर बम बम के उद्घोष के साथ कावड़ यात्राएं निकलती हैं, ‘जय श्री राम’ और वृंदावन बिहारी लाल की जय के नारे गूंजते हैं।
टीएमसी के गुंडे बुलडोजर का नाम सुनकर अंडरग्राउंड हो रहे
सीएम योगी (CM Yogi) ने कहा कि कांग्रेस, कम्युनिस्ट, टीएमसी और एसपी ने अयोध्या में राम मंदिर रोकने की कोशिश की, लेकिन डबल इंजन सरकार ने भव्य राम मंदिर बना दिया। यूपी आज माफिया-गुंडा मुक्त है। यहां न कर्फ्यू है, न दंगा, यूपी में सब चंगा है। एक्सप्रेसवे और एयरपोर्ट बन रहे हैं। अगर कोई माफिया सर उठाएगा, तो यूपी का बुलडोजर उसकी हड्डी-पसली एक कर देगा। टीएमसी के गुंडे अब बुलडोजर का नाम सुनकर ही अंडरग्राउंड हो रहे हैं। डबल इंजन सरकार के साथ बंगाल को पुनर्स्थापित करने का यही अवसर है।
