पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के रोड शो के बाद बीजेपीऔर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। यह घटना बैंकुरा मोड़ इलाके में उस समय हुई जब दोनों दलों के समर्थकों के बीच हुई कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। इस झड़प में दो लोग जख्मी हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक बांकुरा मोड़ इलाके में दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच कहासुनी हिंसा में तब्दील हो गई, जिसके बाद हाथापाई हुई। इस झड़प में दोनों पक्षों के एक-एक कार्यकर्ता घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद दोनों ओर से हाथापाई हुई। घटना के बाद दोनों घायलों को तुरंत दुर्गापुर सब-डिविजनल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही दुर्गापुर पश्चिम से बीजेपी उम्मीदवार लक्ष्मण चंद्र घोरुई और टीएमसी उम्मीदवार कवि दत्ता अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। इस दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं में तनाव बना रहा।झड़प के बाद फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है, पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है और वो स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं ताकि आगे कोई तनाव न बढ़े। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
बीजेपी नेता अभिजीत दत्ता ने आरोप लगाया कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने उनके कार्यकर्ता पर हमला किया। उन्होंने कहा कि अमित शाह के रोड शो में भारी भीड़ देखकर टीएमसी बौखला गई थी। आरोप के मुताबिक, 8-10 टीएमसी कार्यकर्ताओं ने लाठी-डंडों से हमला किया। उन्होंने कहा कि जब हमारा एक कार्यकर्ता घर लौट रहा था तो उस पर लाठियों से हमला किया, उसके घर में तोड़फोड़ की और उसकी मां को धक्का दिया।
बंगाल में सियासी तनाव: रोड शो के बाद कार्यकर्ताओं में हिंसक झड़प
