भदोही: उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा (AK Sharma) बुधवार को अपने प्रभार जनपद भदोही पहुंचकर वहां पर एसआईबीएस नेशनल इंटर कॉलेज परिसर और जिला पंचायत कार्यालय सभागार में आपातकाल के काले अध्याय का 50 वर्ष पूरे होने पर आयोजित सेमिनार में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग़ किया और कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने आपातकाल पर केंद्रित प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन कर प्रदर्शनी का अवलोकन किया और एक पेड़ मां के नाम पर पौधरोपण कर पर्यावरण बचाने का संदेश दिया। उन्होंने (AK Sharma) स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया और उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में सबसे पहले दी गई परेड की सलामी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने (AK Sharma) कहा कि कांग्रेस द्वारा देश में लगाया गया आपातकाल लोकतंत्र का काला अध्याय है, इससे लोकतंत्र की जुड़े और हमारी संवैधानिक व्यवस्था कमजोर हुई है। आपातकाल के दौरान हमारी लोकतांत्रिक संस्थाएं, प्रेस की स्वतंत्रता, न्यायपालिका और नागरिकों के मौलिक अधिकारों को कुचला गया, नागरिकों पर ज्यादती और बर्बरता की गई, लोगों को जबरदस्ती जेलो में ठूस दिया गया और यातनाएं दी गई। आपातकाल के दौरान निर्दोष लोगों को जेल भेजा गया, राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ताओं को परेशान किया गया। कांग्रेस सरकार कभी भी देशहित एवं गरीबों के हित में कार्य नहीं किया। उनका शासन गरीबी हटाओ से शुरू हुआ और देश को गरीब बनाकर खत्म हुआ। आपातकाल के दौरान 30 हज़ार से अधिक कर्मचारियों को बर्खास्त किया गया और इस दौरान 03 करोड़ से अधिक गरीब लोगों की जबरदस्ती नसबंदी भी कराई गई। इससे साबित होता है कि कांग्रेस कभी भी गरीबों के पक्ष में नहीं रही और हमेशा उन्हें कीड़े मकोड़े से ज्यादा नहीं समझा। उन्होंने कहा कि देश का जितना ज्यादा मुगलों और अंग्रेजों ने नुकसान नहीं किया, उससे कहीं ज्यादा कांग्रेस ने किया। अंग्रेजों ने अगर देश को 200 साल विकास में पीछे किया है तो कांग्रेस ने देश को 400 साल पीछे कर दिया।
मंत्री शर्मा (AK Sharma) ने कहा कि हमारा देश बहुत ही समृद्ध था, सोने की चिड़िया कहलाता था और एक समृद्ध विरासत वाला देश था। 18 वीं सदी के आसपास ब्रिटेन के अर्थशास्त्री ने लिखा है कि प्राचीन समय में भारत दुनिया की एक चौथाई के बराबर लगभग 25 प्रतिशत की अर्थव्यवस्था थी, जो कि बाद में घटकर दो से तीन प्रतिशत रह गई। लेकिन फिर से एक बार मोदी जी के नेतृत्व में हमारा देश अर्थव्यवस्था में दुनिया में 11वें पायदान से ऊपर उठकर चौथे पायदान पर आ गया है और हमारा देश हर मापदंड में आगे बढ़ रहा है। कांग्रेस ने संविधान खतरे में है, लोकतंत्र खतरे में है की अफवाह फैलाकर तथा विकास के नाम पर लोगों को गुमराह किया। लेकिन इन्होंने देश का कभी भी विकास नहीं किया, न ही गरीबों का भला किया। मोदी जी और योगी जी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में चल रही डबल इंजन की सरकार को सभी को मिलकर और मजबूत करना है, जिससे हमारा देश अपनी विरासत को मजबूत करते हुए दुनिया का एक समृद्ध देश बन सके।
उन्होंने (AK Sharma) कहा कि देश में 35 करोड लोग बिना छत के रहते थे मोदी जी इन लोगों को पक्का आवास देने का कार्य कर रहे। 07 करोड़ लोगों को आवास देने का लक्ष्य था, इसमें से 04 करोड लोगों को मकान दिया जा चुका है। आयुष्मान कार्ड से गरीबों को मुफ़्त इलाज मिल रहा, उज्जवला योजना से मुफ्त गैस सिलेंडर मिला, देश के 81 करोड लोगों को मुफ़्त राशन दिया जा रहा है। देश और प्रदेश के ढांचागत विकास को सुदृढ़ किया जा रहा, जिससे लोगों का जीवन खुशहाल बना रहा है।
कार्यक्रम में सांसद डॉ. विनोद बिंद, विधायक औराई दीनानाथ भास्कर, जिलाध्यक्ष भदोही दीपक मिश्रा, अध्यक्ष जिला पंचायत भदोही अनिरुद्ध त्रिपाठी, पूर्व विधायक रविन्द्र नाथ त्रिपाठी, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी सहित स्थानीय प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।