रायपुर। पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया, जब सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। लंबे समय से परिवर्तन की प्रतीक्षा कर रही जनता की आशाओं को नई दिशा मिली और पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन का सपना साकार हुआ।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय (CM Vishnudev Sai) ने कोलकाता पहुंचकर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी सहित शपथ लेने वाले सभी मंत्रिपरिषद सदस्यों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
मुख्यमंत्री (CM Vishnudev Sai) ने कहा कि यह जनादेश केवल सरकार बदलने का नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल में विकास, सुशासन और नई कार्यसंस्कृति की स्थापना का जनसंकल्प है।
मुख्यमंत्री साय (CM Vishnudev Sai) ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और डबल इंजन सरकार की शक्ति से पश्चिम बंगाल विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
मुख्यमंत्री (CM Vishnudev Sai) ने कहा कि नई सरकार के माध्यम से राज्य के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे, किसानों को समृद्धि का नया मार्ग मिलेगा तथा मातृशक्ति को सशक्त और सुरक्षित वातावरण प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने विकास, पारदर्शिता और सुशासन के पक्ष में अपना स्पष्ट विश्वास व्यक्त किया है।
उन्हाेंने कहा कि सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल एक नई ऊर्जा और नई दिशा के साथ आगे बढ़ेगा। राज्य में माताओं-बहनों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, युवाओं को उनके सपनों के अनुरूप अवसर प्राप्त होंगे और पश्चिम बंगाल एक बार फिर सोनार बांग्ला की अवधारणा को साकार करेगा।
पश्चिम बंगाल में विकास के नए युग की शुरुआत : मुख्यमंत्री साय
