देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Dhami) ने युवा अग्निवीर संवाद कार्यक्रम में कहा कि उत्तराखंड सरकार ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। उन्होंने दावा किया कि इस कानून के तहत 100 से अधिक नकल माफिया को जेल भेजा गया और बिना किसी सिफारिश या भ्रष्टाचार के 34 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गईं।
शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान भर्ती परीक्षाओं में लगातार अनियमितताओं के मामले सामने आए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2002 में पहली निर्वाचित सरकार के दौरान दरोगा और पटवारी भर्ती घोटाले हुए, जबकि 2012 में कांग्रेस सरकार के समय यूकेएसएसएससी भर्ती परीक्षा में गड़बड़ियां सामने आईं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने ऐसे मामलों पर कठोर कार्रवाई करते हुए सबसे पहले सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया।
भर्ती व्यवस्था में आया बदलाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले भर्ती परीक्षाओं में नकल माफिया और उनके प्रभाव वाले लोगों का चयन होता था, लेकिन अब सामान्य और गरीब परिवारों के बेटे-बेटियां अपनी योग्यता के आधार पर सरकारी सेवाओं में चयनित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के कार्यकाल में भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया गया है।
महिलाओं के सशक्तीकरण पर भी जोर
सीएम धामी ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक मजबूती के लिए ‘हाउस ऑफ हिमालय’ ब्रांड के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक 2.65 लाख महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। साथ ही महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है और स्वरोजगार के क्षेत्र में भी उन्हें प्रोत्साहित किया जा रहा है।
कृषि, पर्यटन और विकास का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने कृषि क्षेत्र में एप्पल मिशन, कीवी, ड्रैगन फ्रूट और सुगंधित फसलों को बढ़ावा दिया है। फिल्म, कृषि, पर्यटन, निर्यात और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में उत्तराखंड को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि पलायन कर चुके लोग अब अपने पैतृक गांव लौट रहे हैं और चारधाम यात्रा में भी रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 45 लाख के करीब पहुंचने वाली है।
डबल इंजन सरकार का मिला सहयोग
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड की भौगोलिक और विकास संबंधी चुनौतियों को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राज्य की आवश्यकताओं के अनुरूप सहयोग और स्वीकृतियां दे रही है, जिससे विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने इसे डबल इंजन सरकार की सफलता का उदाहरण बताया।
