पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) और इस्लामाबाद में बने एक संदिग्ध कॉल सेंटर के जरिए दिल्ली-एनसीआर को दहलाने की एक बड़ी साजिश का पर्दाफाश हुआ है। सुरक्षा एजेंसियों ने आईएसआई से जुड़े हैंडलर शहजाद भट्टी के नेटवर्क पर कड़ी कार्रवाई करते हुए 8 सदस्यों वाले एक आतंकी मॉड्यूल को पूरी तरह बेनकाब कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने पहले 3 आरोपियों को पकड़ा था, और अब जांच को आगे बढ़ाते हुए 5 और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पकड़े गए इन सभी आरोपियों को दिल्ली और उसके आसपास के राज्यों में पुलिसकर्मियों को निशाना बनाने, उनकी रेकी करने और उन्हें डराने-धमकाने की जिम्मेदारी दी गई थी। इसके साथ ही इन्हें आईएसआई की शह पर चल रहे कथित आतंकी संगठन ‘तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान’ (TTH) का प्रचार-प्रसार करने का काम भी सौंपा गया था, जिसने कुछ समय पहले पंजाब के अमृतसर में एक एएसआई (ASI) की हत्या करने का दावा किया था।
यह मॉड्यूल दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में टीटीएच के समर्थन में दीवारों पर देशविरोधी ग्रैफिटी बनाने और पोस्टर लगाने का काम कर रहा था। हाल ही में गिरफ्तार किए गए आरोपियों में फरीदाबाद का सोहेल शामिल है, जिसने ग्रैफिटी बनाकर उसके वीडियो पाकिस्तान भेजे और इसके बदले उसे 5,000 रुपये मिले। वहीं दिल्ली के घिटोरनी का रहने वाला सोनू मीणा इस नेटवर्क के लिए हथियार और फंडिंग जुटा रहा था, जबकि राजस्थान का सचिन कुमार मीणा उसका साथ दे रहा था। हरियाणा के नूंह का मोहम्मद कैफ सीधे पाकिस्तानी हैंडलरों के संपर्क में रहकर थानों की रेकी और नए लड़कों की भर्ती कर रहा था, और मेरठ के मोहम्मद रिहान को पुलिसकर्मियों पर गोली चलाने के लिए 3 लाख रुपये का लालच दिया गया था।
इससे पहले पकड़े गए 3 आरोपियों में अमरोहा का सोयब और रवि कश्यप शामिल हैं, जिन्होंने पुलिसवालों को जान से मारने और हथियार लहराते हुए धमकाने के वीडियो बनाकर अपने आकाओं को भेजे थे। उनके साथ मध्य प्रदेश का अनमोल राय उर्फ अन्नू भी पकड़ा गया था, जो देशविरोधी पोस्टर लगाने और हमलों की योजना में शामिल था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इस पूरी कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से 5 अवैध हथियार, 10 जिंदा कारतूस और कई आपत्तिजनक वीडियो बरामद किए हैं, जिससे समय रहते पाकिस्तान समर्थित इस खतरनाक मॉड्यूल के मंसूबों को नाकाम कर दिया गया।
दिल्ली-NCR में बड़े हमले की तैयारी! ISI की साजिश का खुलासा; 8 सदस्य गिरफ्तार
