लखनऊ। जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लिए जमीन देने वाले किसानों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) से संवाद में विकास, कानून-व्यवस्था पर खुलकर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि राज्य में विकास की डोर सीधे ‘आदित्य’ के हाथ में है। यह ‘बाबाजी’ का राज है, जेवर में आज किसी की हिम्मत नहीं कि किसान या आमजन से पैसे छीन ले। हज से लौटे एक बुजुर्ग किसान ने मुख्यमंत्री को आशीर्वाद देते हुए कहा कि सबसे बड़ा एयरपोर्ट, फिल्म सिटी और बड़े प्रोजेक्ट जेवर की नई पहचान बने हैं।
पहली बार हवाई जहाज में बैठकर लखनऊ पहुंचे किसानों ने मुख्यमंत्री (CM Yogi) से कहा कि जिस जमीन पर कभी वे खेती करते थे, आज उसी जमीन से उड़ान भरते विमान उत्तर प्रदेश के बदलते भविष्य की कहानी लिख रहे हैं। उन्होंने कहा, “मोदी जी ने भारत और योगी जी ने उत्तर प्रदेश बदल दिया।”
मुस्लिम भी बोलते हैं, कैसे कोई पैसा छीन लेगा
किसान हंसराज ने कहा कि जैसे ही वह सुबह एयरपोर्ट पहुंचे, उनके साथ आए अधिसंख्य किसानों के लिए यह अनुभव विशेष था। उनके साथ आए 99 प्रतिशत किसान ऐसे हैं, जिन्होंने आज तक हवाई जहाज को केवल आसमान में उड़ते हुए देखा था, लेकिन मुख्यमंत्री (CM Yogi) के आशीर्वाद से उन्हें उसमें बैठकर यात्रा करने का अवसर मिला।
हंसराज ने वर्ष 2017 से पहले की एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक वृद्ध महिला पेंशन निकाल कर गांव लौट रही थी। मोटरसाइकिल सवार दो बदमाश आए और उसके पैसे छीनकर फरार हो गए। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2019 की एक घटना सुनाई। बताया कि भूमि मुआवजे का वितरण हो रहा था। उनके गांव में स्थित बैंक से एक मुस्लिम भाई ने 25 लाख रुपये निकाले और उन्हें तौलिया में बांधकर सिर पर रख लिया। दोपहर करीब 12 बजे वह इसी तरह पैसा लेकर जा रहे थे। हंसराज ने उनसे पूछा कि इतने पैसे इस तरह सिर पर रखकर ले जा रहे हो, कोई छीन लेगा। इस पर उन्होंने जवाब दिया, “कैसे कोई छीन लेगा, यह बाबाजी का राज है।” हंसराज ने कहा कि इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि वर्ष 2017 से पहले क्या स्थिति थी और अब क्या स्थिति है। उन्होंने कहा कि वह भगवान से प्रार्थना करते हैं कि सीएम योगी फिर से मुख्यमंत्री बनें।
हज से लौटकर योगी जी को आशीर्वाद देने आया: जफरू खां
बुजुर्ग किसान जफरू खां ने कहा कि प्रदेश के मुसलमान भी कह रहे हैं कि “बाबा का शासन बहुत शानदार है।” आज मैं चप्पल पहनकर हवाई जहाज में बैठा। यह मेरे लिए एक विशेष अनुभव है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में क्षेत्र के लोगों को काफी तरक्की देखने को मिली है। सबसे बड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट बना है। अनेक कंपनियां और फिल्म सिटी भी क्षेत्र में स्थापित हो रही है। बड़े-बड़े प्रोजेक्ट तैयार हो रहे हैं, जिससे लोगों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। बच्चों के भविष्य के लिए बहुत अच्छे कार्य हुए हैं। मैं हज से लौटकर मुख्यमंत्री जी को आशीर्वाद देने आया हूं।
सीएम योगी (CM Yogi) ने बनाया उत्तम प्रदेश: जयवीर सिंह
मुख्यमंत्री (CM Yogi) से संवाद के दौरान किसान जयवीर सिंह भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि मुझे अपनी जमीन से बहुत प्रेम था। लेकिन, मेरे भैया ने कहा कि जरूरत पड़ने पर योगी जी के सहयोग के लिए जान तक अर्पित कर देंगे। मुख्यमंत्री जी ने प्रदेश के विकास के लिए बहुत मेहनत की है। उन्होंने कहा था कि मैं उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बना दूंगा, जिसे आज हम सच होता देख रहे हैं।
तो अधूरा रह जाता एमबीबीएस का सपना: डॉ. हिरा राशिद
एएमयू से एमबीबीएस करने वाली जेवर के किसान की बेटी डॉ. हिरा राशिद ने कहा कि अगर योगी जी का राज नहीं होता तो मेरा एमबीबीएस डॉक्टर बनने का सपना कभी पूरा नहीं हो पाता। मुझे यह कहते हुए बड़ा गर्व महसूस हो रहा है कि जिस भूमि पर मेरे पिता अन्न उगाते थे, आज उसी भूमि से उड़ान भरकर मैं मुख्यमंत्री से मिलने आई हूं। एक समय ऐसा था जब क्षेत्र में इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। पढ़ाई के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं थे और स्कूल जाने के लिए बस की सुविधा भी ठीक से नहीं थी। लेकिन सीएम योगी जी के नेतृत्व में जैसे-जैसे विकास हुआ, क्षेत्र में तरक्की बढ़ी और शिक्षा के अवसर बेहतर हुए। वर्ष 2021 में मैंने बिना किसी कोचिंग के नीट परीक्षा उत्तीर्ण की। मुझे इसके लिए जो भी बुनियादी सुविधाएं मिलीं, वह सब योगी जी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों की वजह से संभव हो पाया।
पुराने और नए जेवर में जमीन-आसमान का अंतर: रीता
संवाद के दौरान रीता ने जेवर क्षेत्र में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि पुराने और नए जेवर में जमीन आसमान का अंतर है। वर्ष 1997 में उनकी शादी हुई थी। उस समय क्षेत्र में कुछ भी नहीं था। पढ़ाई के लिए लोगों को खुर्जा या अन्य स्थानों पर जाना पड़ता था। 2017 के बाद क्षेत्र में एकदम से कनेक्टिविटी बढ़ी। इसकी वजह से बच्चों को इतनी सुविधाएं मिली हैं कि वे वहीं रहकर उच्च शिक्षा तक प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि जेवर के किसी किसान को कभी ऐसा अवसर नहीं मिला था कि वह विमान में बैठकर यहां पहुंच सके। जब वे लोग विमान की खिड़की से बाहर देख रहे थे तो एक-दूसरे से कह रहे थे, “यह तुम्हारा खेत है, यह हमारा खेत है।” इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने के लिए हम लोग मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त करते हैं। इतना बड़ा प्रोजेक्ट बिना किसी विरोध-प्रदर्शन के साकार हुआ है, जिसमें हम सभी लोगों की भागीदारी रही है।
उन्होंने कहा कि जेवर के किसी किसान को कभी ऐसा अवसर नहीं मिला था कि वह विमान में बैठकर यहां पहुंच सके। जब वे लोग विमान की खिड़की से बाहर देख रहे थे तो एक-दूसरे से कह रहे थे, “यह तुम्हारा खेत है, यह हमारा खेत है।” इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने के लिए हम लोग मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त करते हैं। इतना बड़ा प्रोजेक्ट बिना किसी विरोध-प्रदर्शन के साकार हुआ है, जिसमें हम सभी लोगों की भागीदारी रही है।
एयरपोर्ट से क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई दिशा: महेंद्र शर्मा
किसान महेंद्र शर्मा ने कहा कि योगी जी के प्रयासों से आज उनके क्षेत्र को इतना बड़ा एयरपोर्ट मिला है, जो वास्तव में अद्वितीय है। देश को प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी और प्रदेश को मुख्यमंत्री के रूप में योगी आदित्यनाथ जैसे महान नेतृत्व मिले हैं। उनके शब्दों और कार्यों से ऐसा प्रतीत होता है मानो इनके अंदर दैवीय शक्ति है। एयरपोर्ट निर्माण के लिए उनकी जमीन के बदले मुआवजा मिला और उन्होंने दूसरी संपत्ति भी खरीद ली। लेकिन उनकी जमीन पर बना यह एयरपोर्ट क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि साबित होगा।
विकास कार्यों का लाभ पूरे समाज को: चरण सिंह-
खटीक समाज के चरण सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री की वजह से क्षेत्र में जो विकास हुआ है, उसके लिए वह और क्षेत्र के सभी लोग आभारी हैं। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में क्षेत्र को अनेक सुविधाएं मिली हैं, जिससे लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। विकास कार्यों का लाभ समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचा है। हम कामना करते हैं कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक बार फिर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनें।
मुस्लिम भाई भी लगाते थे “योगी जिंदाबाद” के नारे: अशोक शास्त्री-
बनवारीपुर गांव के अशोक शास्त्री ने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नाम और गुणों में समानता है। सभी लोग उन्हें योगी जी के नाम से जानते हैं। प्रदेश में विकास की डोर सीधे “आदित्य” के हाथ में है। उन्होंने मुख्यमंत्री की तुलना सूर्य से करते हुए कहा कि वह ऐसे सूर्य को प्रणाम करते हैं। अशोक शास्त्री ने एयरपोर्ट निर्माण के दौरान का एक अनुभव साझा करते हुए कहा कि जब परियोजना पर कार्य चल रहा था और वह चप्पल पहनकर वहां जाते थे, तब उनके मुस्लिम भाई भी “योगी जिंदाबाद” के नारे लगाते थे। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनता के बीच कितना सम्मान है। क्षेत्र में हुए विकास कार्यों के कारण योगी जी के प्रति लोगों का विश्वास और सम्मान लगातार बढ़ा है।
मुख्यमंत्री को भेंट किया स्मृति चिह्न और राधा-कृष्ण की प्रतिमा-
किसानों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को स्मृति चिह्न भेंट किया। इस अवसर पर कमलेश देवी, पूनम देवी, कनिष्क, बबली देवी और मधु देवी ने मुख्यमंत्री को राधा-कृष्ण की प्रतिमा भेंट की। मनवीर सिंह खटीक, बलभद्र, वेद प्रकाश शर्मा, पूरन सिंह कोरी, हजारी बघेल, खंडेश्वर तथा महिपाल सिंह जाटव ने मुख्यमंत्री को “किसान की उड़ान” नामक स्मृति चिह्न भेंट किया।
