समाजवादी पार्टी के संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव (Prateek Yadav) की अस्थियां शनिवार को पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हरिद्वार के वीआईपी घाट पर मां गंगा में विसर्जित की गईं। इस दौरान वीआईपी घाट पर एक बेहद भावुक कर देने वाला नजारा देखने को मिला, जब प्रतीक यादव (Prateek Yadav) की मासूम बेटी अपने पिता को आखिरी विदाई देने के लिए हाथ में एक कार्ड लेकर पहुंची थी। उस छोटे से कार्ड पर एक दिल का निशान बना था और लिखा था ‘आई लव यू पापा’। जैसे ही मासूम ने अपने पिता की अस्थियों के साथ उस कार्ड को गंगा की पवित्र धारा में प्रवाहित किया, वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें भर आईं।
अस्थि विसर्जन की धार्मिक रस्मों के दौरान प्रतीक यादव (Prateek Yadav) की पत्नी अपर्णा यादव अपने आंसू नहीं रोक सकीं और फूट-फूटकर रो पड़ीं। गमगीन माहौल के बीच बेटी ने अस्थि कलश को अपने माथे से लगाया और नम आंखों से पिता को नमन किया।
अपर्णा यादव को ढांढस बंधाते हुए उनके पिता अरविंद बिष्ट और भाई अमन भी इस दुखद घड़ी में परिवार के साथ हरिद्वार पहुंचे थे। परिवार के अन्य सदस्यों में शिवपाल यादव के बेटे और सांसद आदित्य यादव भी इस अंतिम संस्कार की रस्म में शामिल होने के लिए वीआईपी घाट पर मौजूद रहे।
प्रतीक यादव (Prateek Yadav) के आकस्मिक निधन के बाद अस्थि विसर्जन के इस कार्यक्रम को देखते हुए हरिद्वार के वीआईपी घाट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। जब बेटी ने अपना अंतिम संदेश गंगा की लहरों को सौंपा, तब मां अपर्णा यादव ने भावुक होकर उसे गले से लगा लिया। राजनीति और रसूख से दूर परिवार का यह निजी और गहरा दुख वहां उपस्थित सभी लोगों को झकझोर गया और हर किसी ने अत्यंत भारी मन से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
प्रतीक यादव को मासूम बेटी की अनोखी विदाई, गंगा में बहाया ‘आई लव यू’ का कार्ड
