समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान (Azam Khan) को एक और केस में कोर्ट से झटका लगा है। 2019 लोकसभा चुनाव के दौरान दिए गए विवादित ‘तंखाइया’ बयान मामले में रामपुर की कोर्ट ने उन्हें दोषी करार दिया है। रामपुर के एमपी-एमएलए कोर्ट ने मामले की सुनवाई पूरी करते हुए खान को दोषी माना है।
ये मामला वर्ष 2019 लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान तत्कालीन जिलाधिकारी (डीएम) पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़ा है। आजम खान पर आरोप था कि उन्होंने चुनावी सभा में तत्कालीन डीएम को लेकर विवादित और धमकी भरा बयान दिया था। इस बयान के बाद उनके खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
कोर्ट ने आज सुनवाई के बाद दोष सिद्ध माना। जबकि सजा पर फैसला थोड़ी देर में सुनाया जाएगा। फैसले के मद्देनजर कोर्ट परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। कोर्ट परिसर के बाहर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
आजम खान (Azam Khan) पहले भी कई मामलों में कोर्ट से सजा पा चुके हैं और उनके खिलाफ विभिन्न मुकदमों की सुनवाई चल रही है। फिलहाल वो जेल में बंद हैं।
आजम खान पर फिर मंडराएं संकट के बादल, विवादित बयान मामले में कोर्ट ने माना दोषी
