निवेशकों का भरोसा ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी: केशव प्रसाद मौर्य

निवेशकों का भरोसा ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी: केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Keshav Prasad Maurya) ने आज लोक भवन में निवेश मित्र 3.0 कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान प्रदेश में निवेश के अनुकूल वातावरण और सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को देश के भीतर निवेश का सर्वश्रेष्ठ गंतव्य बनाने का जो सपना लगभग 9 वर्ष पहले देखा गया था, वह आज आप सभी निवेशकों और उद्यमियों की सहभागिता से साकार हो रहा है।

उप मुख्यमंत्री (Keshav Prasad Maurya) ने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार पर निवेशकों द्वारा जताया गया विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। इसी विश्वास को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने नीतिगत सुधार, पारदर्शिता और निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू किया है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देशभर के उद्यमियों के लिए सबसे पसंदीदा निवेश स्थल के रूप में उभरकर सामने आया है।

श्री मौर्य (Keshav Prasad Maurya) ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले निवेशकों का विश्वास टूट चुका था और प्रदेश के युवाओं के सपनों को भी आघात पहुंचा था, जिससे राज्य के विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। लेकिन वर्तमान सरकार ने कड़ी मेहनत और बेहतर नीतियों के माध्यम से उस विश्वास को पुनर्स्थापित किया है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को “भारत का फूड बास्केट” भी कहा जाता है। एक समय ऐसा था जब कृषि क्षेत्र में चुनौतियों के कारण किसान पलायन और कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे थे, लेकिन पिछले 9 वर्षों में सरकार ने इस क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए हैं।

उप मुख्यमंत्री (Keshav Prasad Maurya) ने बताया कि आज प्रदेश देश की कुल कृषि योग्य भूमि का लगभग 11 प्रतिशत हिस्सा रखते हुए 21 प्रतिशत खाद्यान्न उत्पादन कर रहा है, जो यह दर्शाता है कि उत्तर प्रदेश ने कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति करते हुए “फूड बास्केट” के रूप में अपनी पहचान को पुनः स्थापित किया है।

उन्होंने अंत में कहा कि सरकार निवेश, उद्योग और कृषि—तीनों क्षेत्रों में संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है और प्रदेश को देश की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।