जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (CM Bhajan lal Sharma) ने कहा कि नियमित दौड़ लगाना स्वस्थ जीवन का मूल मंत्र है। दिन की शुरुआत दौड़ के साथ करने से पूरे दिन ऊर्जा बनी रहती है, स्वास्थ्य ठीक रहता है और सकारात्मक सोच विकसित होती है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रारम्भ किए गए फिट इंडिया अभियान ने देशवासियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया है। शर्मा ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे स्वस्थ दिनचर्या का पालन करते हुए फिट रहें तथा प्रदेश के विकास में सक्रिय योगदान दें, जिससे प्रदेश नई ऊंचाइयों को छू सके। अगर प्रदेशवासी एक कदम आगे बढ़ेंगे, तो राजस्थान कई गुना आगे बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री शर्मा (CM Bhajan lal Sharma) राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य पर आयोजित हो रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में रविवार को जयपुर में अमर जवान ज्योति से ‘विकसित राजस्थान रन-2026’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशभर में आयोजित ‘विकसित राजस्थान रन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री (CM Bhajan lal Sharma) ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले वर्ष से राजस्थान दिवस को तिथि अनुसार मनाने की नई परंपरा शुरू की है। 30 मार्च 1949 को तत्कालीन गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल के नेतृत्व में भारतीय नववर्ष की चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के दिन रेवती नक्षत्र इन्द्र योग में विभिन्न रियासतों को एकत्रित कर वृहद राजस्थान की स्थापना हुई थी। उन्होंने कहा कि गृह नक्षत्र देखकर नए कार्य की शुरुआत करना हमारी संस्कृति में है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष 19 मार्च (चैत्र शुक्ल प्रतिपदा) को राजस्थान दिवस पूरे प्रदेश में हर्षाेल्लास के साथ मनाया जाएगा।
शर्मा (CM Bhajan lal Sharma) ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत-2047’ विजन के अनुरूप प्रदेश सरकार ‘विकसित राजस्थान-2047’ के विजन पर कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान के व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने आह्वान किया कि सभी पात्र लोग योजनाओं का लाभ लें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
मुख्यमंत्री (CM Bhajan lal Sharma) ने कहा कि हमारी सरकार ने दो वर्ष के कार्यकाल में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रदेश में बिजली, पानी, उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में अनेक अभूतपूर्व निर्णय लिए हैं। साथ ही, राज्य सरकार किसान, महिला, युवा, मजदूर सहित सभी वर्गों के सशक्तीकरण के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री (CM Bhajan lal Sharma) ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा युवाओं के सशक्तीकरण के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं। युवाओं के लिए हमारी सरकार युवा नीति लाई है। युवाओं को ब्याज मुक्त ऋण दिया जा रहा है, जिससे उद्यमिता को बढ़ावा मिले और युवा रोजगार प्रदाता भी बनें। उन्होंने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आप अपने सपनोें की उड़ान के लिए तैयार रहिए, राज्य सरकार आपके सपनों को साकार करने में हरसंभव मदद करेगी।
मुख्यमंत्री (CM Bhajan lal Sharma) ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को सरकारी क्षेत्र में 4 लाख एवं निजी क्षेत्र में 6 लाख रोजगार देने के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है। अब तक 1 लाख 25 हजार नियुक्तियां दी जा चुकी है। वहीं 1 लाख 33 हजार भर्ती प्रक्रियाधीन हैं तथा 1 लाख से ज्यादा पदों का भर्ती कैलेण्डर जारी किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि पेपरलीक जैसे प्रकरणों से युवाओं के भविष्य पर कुठाराघात करने वाले आज सलाखों के पीछे हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री (CM Bhajan lal Sharma) ने प्रतिभागियों के साथ दौड़ में हिस्सा लेकर उनका उत्साहवर्धन भी किया। इस दौरान विधायक गोपाल शर्मा एवं मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में प्रतिभागी व आमजन मौजूद रहे।
नियमित दौड़ लगाना स्वस्थ जीवन का मूल मंत्र: मुख्यमंत्री भजनलाल
