महाराष्ट्र के नागपुर जिले के कलमेश्वर इंडस्ट्रियल एस्टेट में रविवार (1 मार्च, 2026) को सोलर इंडस्ट्रीज (SBL) एक्सप्लोसिव फैक्ट्री में एक बड़ा धमाका हुआ है। इस हादसे में 17 मज़दूरों की मौत हो गई है, जबकि 18 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, नागपुर में SBL कंपनी में सुबह के समय धमाका हुआ। इस समय फैक्ट्री में काम चल रहा था। उसी समय अचानक धमाका हुआ। धमाके की आवाज़ दूर तक सुनी गई। नागपुर ग्रामीण के एसपी हर्ष पोद्दार ने बताया कि नागपुर में SBL एनर्जी लिमिटेड में धमाके के बाद 15 लोगों की मौत हो गई, 18 गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने बताया कि यह धमाका कटोल तहसील के राउलगांव में माइनिंग और इंडस्ट्रियल एक्सप्लोसिव बनाने वाली SBL एनर्जी लिमिटेड फैक्ट्री में हुआ। धमाके के तुरंत बाद घायलों को नागपुर के एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
आशंका है कि धमाके के बाद बिल्डिंग गिरने से कुछ और मज़दूर मलबे में दबे हो सकते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंची। फिलहाल, कंपनी में धमाके के बाद लगी आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी हैं।
पुलिस, स्थानीय प्रशासन और कंपनी की रेस्क्यू टीम मलबा हटाने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रही है। इस हादसे ने एक बार फिर फैक्ट्रियों में काम करने वालों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिये हैं।
SBL एनर्जी लिमिटेड में भीषण विस्फोट, 17 लोगों की मौत; 18 गंभीर रूप से घायल
