प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में एक पेट्रोल पंप के पास लगाए जा रहे एक ऊंचे खंभे के कार पर गिरने से समाजवादी पार्टी के स्थानीय नेता की मौत हो गई। व्यस्त बाजार क्षेत्र में घटी यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। बताया जा रहा है कि सपा नेता लाल बहादुर यादव निजी काम से बाबूगंज से प्रतापगढ़ शहर की ओर कार से जा रहे थे। यह हादसा उनके घर से महज 500 मीटर की दूरी पर हुआ।
जानकारी के मुताबिक पेट्रोल पंप के सामने भारत पेट्रोलियम (Bharat Petroleum) का लगभग 65 फुट ऊंचा खंभा क्रेन की मदद से लगाया जा रहा था। इसका वजन लगभग 40 क्विंटल था। खंभा लगाते समय अचानक क्रेन का पट्टा टूट गया, जिसकी वजह से भारी ढांचा सीधे लाल बहादुर यादव की गाड़ी पर गिर गया।
हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, कार का दरवाजा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और सुरक्षा व्यवस्था और संभावित लापरवाही की जांच की जा रही है।
दो बार लड़ा था अंतु नगर पंचायत चुनाव
लाल बहादुर यादव पेशे से पीडब्ल्यूडी के ठेकेदार थे और उनके पास देसी शराब का ठेका भी था। उन्होंने अंतु नगर पंचायत चुनाव दो बार लड़ा था, लेकिन दोनों बार हार गए थे। परिवार के सदस्यों ने बताया कि वे तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में चार बेटियां और एक बेटा है।
चलती कार पर गिरा भारत पेट्रोलियम का पोलबोर्ड, सपा नेता की दर्दनाक मौत
