ईरान (Iran) में 19 दिनों तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद अब देश में शांति बताई जा रही है। इस विरोध प्रदर्शन में लाखों की तादाद में लोग सड़कों पर उतरे। जमकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी हुई। आगजनी हुई। आर्थिक संकट के चलते यह विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ था। जिसमें फिर सरकार के खिलाफ आवाज उठाई जाने लगी। इस विरोध प्रदर्शन में जहां कई लोगों की मौत हुई। वहीं, हजारों की तादाद में लोगों को गिरफ्तार भी किया गया।
इसी बीच अब सामने आया है कि ईरान (Iran) में अब एक महिला को विरोध प्रदर्शन के लिए गिरफ्तार किया गया है। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व करने वाली नाजनींन बरादरन पर एक्शन लिया गया है। IRGC ने इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर नाजनींन बरादरन को पकड़ने का दावा किया है।
नाजनींन बरादरन पर विरोध प्रदर्शनों (Iran Protest) को लेकर आरोप लगे हैं। उन पर विरोध प्रदर्शन को हिंसक बनाने की मास्टरमाइंड होने का आरोप लगा है। हालांकि, अभी नाजनींन को लेकर और ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।
अमेरिका स्थित मानवाधिकार संगठन HRANA ने कहा है कि अब तक 2,403 प्रदर्शनकारियों और 147 सरकारी पक्ष से जुड़े लोगों की मौत हो गई है। HRANA के मुताबिक, अब तक कुल 18,137 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। हालांकि, बीच में सामने आया था कि ईरान गिरफ्तार प्रदर्शनकारियों को फांसी की सजा देगा। लेकिन, इसी के बाद हाल ही में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराकची ने कहा कि ईरान में लोगों को फांसी देने की कोई योजना नहीं है।
हिंसक हुए विरोध प्रदर्शन (Iran Protest)
ईरान (Iran) में आर्थिक संकट को लेकर 28 दिसंबर को विरोध प्रदर्शन शुरू हुए थे। तेहरान बाजार में लोगों ने अपनी दुकानें बंद कर दी थी। इसी के बाद बाजार से शुरू हुआ यह विरोध प्रदर्शन धीरे-धीरे पूरे देश में फैल गया। आर्थिक संकट को लेकर शुरू हुए इस प्रदर्शन में सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
ईरान में बड़ा एक्शन: आंदोलन की महिला नेता गिरफ्तार, हिंसा भड़काने की है मास्टरमाइंड
