बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती (Mayawati) ने अपने जन्मदिन के अवसर पर राजधानी लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश की राजनीति, विकास कार्यों और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा और स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मेट्रो रेल परियोजना, जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और प्रदेशभर में बने एक्सप्रेसवे की मूल रूपरेखा बसपा की पूर्ण बहुमत की सरकार के कार्यकाल में ही तैयार की गई थी, लेकिन कांग्रेस के अवरोध और व्यवधान के चलते इन विकास कार्यों को आगे बढ़ने में बाधाएं आईं।
मायावती (Mayawati) ने कहा कि बसपा ने हमेशा विकास को प्राथमिकता दी, लेकिन राजनीतिक साजिशों और विरोध के कारण पार्टी की सरकार के कई महत्वपूर्ण कार्य समय पर पूरे नहीं हो सके। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए भी बसपा सरकार के विकास एजेंडे को रोकने का प्रयास किया, जिससे प्रदेश को नुकसान उठाना पड़ा।
बसपा उत्तर प्रदेश में अकेले चुनाव लड़ेगी
बसपा प्रमुख (Mayawati) ने आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी का रुख पूरी तरह स्पष्ट करते हुए कहा कि बसपा इस चुनाव में पूरी ताकत और आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि मैं 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पूरी मेहनत करूंगी। पार्टी के कैडर को किसी भी तरह के भ्रम में नहीं रहना चाहिए।”
मायावती (Mayawati) ने दो टूक शब्दों में ऐलान किया कि बसपा उत्तर प्रदेश में अकेले चुनाव लड़ेगी और किसी भी राजनीतिक दल से न तो गठबंधन होगा और न ही कोई चुनावी समझौता किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बसपा की ताकत उसका कैडर, उसका संगठन और उसकी विचारधारा है।
जन्मदिन पर मायावती का बड़ा ऐलान, 2027 में BSP अकेले लड़ेंगी सभी चुनाव
